बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (29 जुलाई) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 29 जुलाई 2015

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (29 जुलाई)

प्रभारी मंत्री ने की 50 लाख रु. से अधिक की लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा
  • गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

balaghat news
बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री जयंत मलैया ने आज जिले में विभिन्न निर्माण विभागों द्वारा कराये जा रहे 50 लाख रु. से अधिक की लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियो को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में म.प्र. शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी, दक्षिण सामान्य वन मंडल के वनमंडलाधिकारी श्री अशोक कुमार एवं निर्माण विभागों के अधिकारी मौजूद थे। प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि किसी भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। निर्माण कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाना चाहिए। यदि निर्माण ऐजेंसी या ठेकेदार को निर्माण कार्य में जिला स्तर पर कोई परेशानी ओ रही हो तो जिला प्रशासन के मुखिया को इससे अवगत कराया जाये। यदि समस्या प्रदेश शासन के स्तर की हो तो उसे उनके समक्ष लाया जाये। ऐसी सभी परेशानियों को दूर किया जायेगा। उन्होंने समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि वे बड़े निर्माण कार्यों की वर्तमान प्रगति से संतुष्ट नहीं है। निर्माण कार्यों को पूर्ण करने की गति को और बढ़ाया जाये। 

नगर पालिका अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश
प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने अधिकारियों से कहा कि जो ठेकेदार टेंडर लेने के बाद कार्य प्रारंभ करने में विलंब करता है, उसके विरूध्द त्वरित कार्यवाही करें। गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदार को ब्लेक लिस्ट करने की कार्यवाही करें। गुणवत्ताहीन कार्य जिस उपयंत्री की देखरेख में किया जा रहा हो उसके विरूध्द तत्काल निलंबन कार्यवाही की जाये और उस विभाग के कार्यपालन यंत्री को भी कारण बताओ नोटिस देकर उससे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाये। बैठक में नगर पालिका बालाघाट के बड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी डी.एस. परिहार बिना सूचना के मुख्यालय से गायब है। इस पर प्रभारी मंत्री ने नगर पालिका अधिकारी डी.एस. परिहार के विरूध्द निलंबन की कार्यवाही करने के निर्देश दिये है। समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री श्री बिसेन ने बालाघाट-गोंदिया मार्ग पर घिसर्री नदी एवं बाघ नदी पर बनाये गये पुलों के कार्य को शीघ्र पूर्ण कर उनका औपचारिक रूप से आवागमन के लिए शुभारंभ कराने कहा। उन्होंने वन मंडलाधिकारी से रेंजर कालेज से बजरंग घाट तक सड़क निर्माण की अनुमति देकर उसे बनाने कहा। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए राशि उपलब्ध है। इस कार्य के लिए वन विभाग को ही निर्माण ऐजेंसी बनाया जा सकता है। बैठक में कलेक्टर श्री किरण गोपाल ने बताया कि उनके द्वारा नियमित रूप से निर्माण कार्यों की मौके पर जाकर जांच की जाती है। गत दिवस रेलवाही में हायर सेकेंडरी स्कूल भवन के कार्य के निरीक्षण में पाया गया कि ईटों की जुड़ाई रेत-सीमेंट न करके मिट्टी से कर दी गई है। इस पर कार्य की देखरेख करने वाले उपयंत्री पनका के विरूध्द निलंबन की कार्यवाही की जा रही है। बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग की सड़कों, म.प्र. राज्य सड़क विकास प्राधिकरण की सड़कों, वृहत नल-जल योजनाओं, उच्च स्तरीय पुलों, शाला भवन, कालेज भवन, छात्रावास भवन, नगरीय क्षेत्रों के अंदर बनाये जा रहे गौरव पथ, जल संसाधन विभाग द्वारा बड़े तालाबों एवं जलाशयों का निर्माण व नहरों की लाइनिंग के कार्य की समीक्षा की गई। 
रोगी कल्याण समिति की बैठक में की गई स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा, प्रत्येक वार्ड में लगेंगें सी.सी.टी.व्ही. कैमरे 
जिले के प्रभारी मंत्री श्री जयंत मलैया की अध्यक्षता में आज रोगी कल्याण समिति की बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में जिला चिकित्सालय बालाघाट की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की गई । बैठक में म.प्र. शासन के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अनिल धुवारे, कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी, दक्षिण सामान्य वन मंडल के वनमंडलाधिकारी श्री अशोक कुमार प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय जैन एवं सिविल सर्जन डॉ. संजय धबड़गांव मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि जिला चिकित्सालय बालाघाट की रोगी कल्याण समिति के पास वर्ष 2014-15 के अंत में 27 लाख 3 हजार 307 रु. की राशि शेष थी। चालू वर्ष 2015-16 में  30 जून 2015 तक समिति के पास 29 लाख 94 हजार 706 रु. की राशि उपलब्ध है। समिति के नाम से 10 लाख रु. की फिक्स डिपाजिट है। समिति को चालू वर्ष में 30 जून तक पैथोलाजी जांच से एक लाख 36 हजार 650 रु., सायकल स्टेंड ठेका से एक लाख 60 हजार रु., मासिक किराये से 9 हजार रु., प्रशिक्षण से एक लाख 22 हजार रु. तथा निविदा फार्म से 9 हजार रु. की आय हुई है। चालू वर्ष में समिति द्वारा अब तक विभिन्न मदों में कुल एक लाख 45 हजार 251 रु. की राशि व्यय की गई है। प्रभारी मंत्री श्री मलैया ने बैठक में अधिकारियों से कहा कि वे रोगी कल्याण समिति के पास उपलब्ध राशि से 10 लाख रु. की एक एफ.डी. और बना लें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे  जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कारगर प्रयास करें। सरकारी अस्पताल की व्यवस्था इस तरह से होना चाहिए कि वह प्रायवेट अस्पतालों से प्रतिस्पर्धा में आगे रहे। मरीजों को अस्पताल में दवाओं से लेकर सारी सुविधायें मिलना चाहिए। अस्पताल परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। अस्पताल का ड्रेनेज सिस्टम अच्छी तरह से कार्य करता होना चाहिए। मरीजों को भोजन गुणवत्तायुक्त मिलना चाहिए। वार्डों में मच्छरों को रोकने वाली जाली लगी होना चाहिए, मरीज  के बेड साफ-सुथरे होने चाहिए, पंखे सही हालत में होना चाहिए और बिजली की वायरिंग दुरूस्त होना चाहिए। मरीजों के आने वाले परिजनों के लिए बाहर खाना बनाने की सुविधा होना चाहिए। अस्पताल परिसर में अपशिष्टों के निस्तारण की उचित व्यवस्था और कपड़ों की धुलाई के लिए मशीन होना चाहिए। कृषि मंत्री श्री बिसेन ने बैठक में जिला चिकित्सालय के प्रत्येक वार्ड में निगरानी रखने के लिए सी.सी.टी.व्ही. केमरे लगाने कहा और कहा कि यह कार्य पुलिस अधीक्षक की सलाह के अनुसार होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय बालाघाट में जी.एन.एम. ट्रेनिंग सेंटर शीघ्र प्रारंभ करने की मंजूरी मिल गई है। इस कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की तैयार शुरू कर दी जाये। इसके साथ ही उन्होंने ट्रामा सेंटर को भी शीघ्र प्रारंभ करने कहा।

नगर पंचायत लांजी के निर्वाचन के लिए प्रेक्षक नियुक्त
म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसा नगर पंचायत लांजी के अध्यक्ष एवं पार्षदों के निर्वाचन के लिए आगामी 12 अगस्त को प्रात: 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जायेगा। नगरीय क्षेत्र लांजी में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सम्पन्न कराने के लिए श्री आर.पी. बिसोने को को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। श्री बिसोने सर्किट हाउस बालाघाट के कक्ष क्रमांक-3 में ठहरे है। श्री बिसोने से लांजी नगर पंचायत चुनाव के संबंध में कोई भी प्रत्याशी या मतदाता प्रात: 9 बजे से 11 बजे तक मुलाकात कर सकता है। प्रेक्षक श्री बिसोने से दूरभाष नं. 07632-240079 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।  

जिले में 423 मि.मी. वर्षा रिकार्ड, गत वर्ष से 128 मि.मी. कम हुई है वर्षा
जिले के किसान बेसब्री से वर्षा का इंतजार कर रहे है। पिछले पांच दिनों से बालाघाट जिले में वर्षा नहीं हुई है। जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी होने लगी है। वर्षा नहीं होने के कारण किसान धान का रोपा नहीं लगा पा रहे है। जिससे जिले में सूखा पड़ने की संभावना पैदा होने लगी है। जिले में चालू वर्षा सत्र के दौरान एक जून से 29 जुलाई 2015 तक 423 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 551 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई थी। वर्षा के आकड़ों पर तुलनात्मक नजर डाले तो पता चलता है कि इस वर्ष बालाघाट जिले में गत वर्ष की तुलना में अब तक 128 मि.मी. कम वर्षा हुई है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1447 मि.मी. है। चालू वर्षा सत्र में अब तक सबसे अधिक 548 मि.मी. वर्षा बैहर तहसील में तथा सबसे कम 219 मि.मी. वर्षा वारासिवनी तहसील में रिकार्ड की गई है। चालू वर्ष में कटंगी तहसील में 505 मि.मी., बालाघाट में 529 मि.मी. एवं लांजी तहसील में 315 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। 

कोई टिप्पणी नहीं: