मुंबई के ठाणे जिले के ठाकुर्ली में बीती रात एक चार मंजिला इमारत ढह गई. इस हादसे में अब तक कुल पांच लोगों की मौत हो गई है और दस से ज्यादा लोग घायल हैं. कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.
हादसे की सूचना मिलते ही कम से कम 12 दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं. इमारत के मलबे में दबे 15 लोगों को अब तक निकाला जा चुका है. इमारत में कम से कम 20 परिवार रहते थे, जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है. यह इमारत 30 साल पुरानी थी.
भारी बारिश, तंग गलियों और बिजली की समस्या के कारण राहत एवं बचाव कार्य बाधित हो रहा है. शीर्ष पुलिस अधिकारी एवं लोक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं.क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन समिति के प्रमुख संतोष कदम ने बताया, ‘‘बीती रात करीब दस बजकर 40 मिनट पर भारी बारिश के कारण ‘मातृ छाया’ नामक इमारत ढह गई. बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया है और अभी तक तीन घायलों को बचाया गया है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.’’
हालांकि उन्होंने कहा कि मलबे के नीचे दबे लोगों की सही संख्या के बारे में अभी पता नहीं चल पाया है. ठाणे, कल्याण, भिवंडी और अंबरनाथ से दमकल टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें