फिल्मकार दिबाकर बनर्जी का कहना है भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के छात्रों का विरोध और हड़ताल सिर्फ संस्था के नए अध्यक्ष गजेंद्र चौहान को लेकर नहीं है, बल्कि अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर भी है। दिबाकर सहित कई बॉलीवुड हस्तियां एफटीआईआई के छात्रों के विरोध को अपना समर्थन दे चुकी हैं। दिबाकर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मीडिया और दूसरे लोगों को भी यह जान लेना जरूरी है कि यह विरोध सिर्फ गजेंद्र चौहान के विरोध का नहीं है। इसे व्यक्तिगत मुद्दा न बनाएं। चौहान और उनको एफटीआईआई का अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध एक व्यापक विरोध और मुद्दे का हिस्सा भर है।"
उन्होंने कहा, "चिंता की बात यह है कि चौहान के साथ एफटीआईआई सोसायटी में और कई नाम हैं जिन्हें एफटीआईआई में शामिल किया गया है। इन सब लोगों के बायोडाटा में ऐसी बातें शामिल हैं, जिससे आप जान सकते हैं कि इस शैक्षणिक संस्थान पर एक तरह का दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।" दिबाकर ने कहा कि वह संस्थान के कार्यो में पारदर्शिता चाहते हैं, ताकि भविष्य में फिल्मकार राजकुमार हिरानी और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा जैसी और प्रतिभाएं यहां से आएं और फिल्म जगत में बेहतरीन एवं गुणवत्ता वाली फिल्मों का निर्माण हो।
एफटीआईआई सोसायटी में शामिल विवादस्पद बायोडाटा वाले सदस्यों में अनघा घसास, शैलेश गुप्ता, नरेंद्र पाठक, प्रांजल सैकिया और राहुल सोलापुरकर शामिल हैं, जिन पर संस्थान के छात्रों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े होने का आरोप लगाया है। एफटीआईआई सोसायटी के सदस्यों में अभिनेत्री विद्या बालन एवं फिल्मकार राजकुमार हिरानी भी शामिल हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें