खण्डवा (मध्यप्रदेश) की खबर (22 जुलाई) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 22 जुलाई 2015

खण्डवा (मध्यप्रदेश) की खबर (22 जुलाई)

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़कों के किनारे होगा पौधरोपण

खण्डवा 22 जुलाई,2015 - भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मध्य प्रदेश के ग्रीन इण्डिया मिशन को पूरा करने के उददेश्य से पौधरोपण के लिये बनाई गई रणनीति की सराहना की गई है। केन्द्र द्वारा अन्य राज्यो को भी मध्य प्रदेश की तरह मनरेगा कन्वर्जेंस से पौधरोपण के लिये रणनीति तैयार कर अमल मे लाने को कहा गया है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में मनरेगा कन्वर्जेंस से आगामी साल में 3.25 करोड़ अजिविका विकास मूलक पौधे रोपित किये जाने का प्रावधान किया गया है। इससे मनरेगा जॉबकार्डधारियो को काम मिलेगा और अजिविका विकास के साधन भी उपलब्ध होगें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमित तोमर ने बताया कि खण्डवा जिले में भी पौधरोपण संबंधित कार्ययोजना तैयार की जा रही है जिसके अंतर्गत प्रधानमंत्री सड़क योजना के 135 कि.मी. लम्बे मार्ग का चयन मनरेगा अंतर्गत पौधरोपण हेतु किया गया है। इस कार्ययोजना के तहत खण्डवा जनपद की 14 कि.मी. पुनासा की 23 कि.मी. पंधाना की 17 कि.मी., हरसूद की 19 कि.मी. छैंगावमाखन 24 कि.मी. व बलडी की 17 कि.मी. लम्बे प्रधानमंत्री सड़क का चिन्हांकन रोडसाईड पौधरोपण हेतु कर लिया गया है। ज्ञात हो की रोजगार गांरटी परिषद द्वारा मैदानी अमले को पौधरोपण की तकनीकी बारीकियो से अवगत कराने के लिये संभाग स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इन्दौर संभाग की कार्यशाला आगामी 3 अगस्त को इन्दौर में आयोजित की जावेगी जिसमें जिले एवं जनपद में पदस्थ मनरेगा के परियोजना अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री, सीईओ जनपद पंचायत, सहा.परियोजना अधिकारी,सहा.कृषि उद्यानिकी के साथ-साथ वन विभाग उधानिकी विभाग व रेशम विभाग के अधिकारियो द्वारा भी सहभागिता की जावेगी। कार्यशाला में वृक्षारोपण के तकनिकी बारीकियो तथा वृक्षारोपण कार्य के अभियान को मूर्तरूप देने संबंधी प्रशिक्षण दिया जावेगा। सीईओ जिला पंचायत खण्डवा द्वारा समस्त संबंधित अमले को इस प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये है। 

पिछले 24 घंटों में जिले मंे हुई 51.3 मि.मी. वर्षा

खण्डवा 22 जुलाई,2015 - जिले में गत 24 घंटो में औसतन 51.3 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में खण्डवा तहसील में 95 मि.मी., नया हरसूद में 17 मि.मी., व पंधाना तहसील में 42 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। अधीक्षक भू अभिलेख ने बताया कि इस वर्ष 1 जून से अब तक खण्डवा तहसील में 474 मि.मी., नया हरसूद में 197 मि.मी. वर्षा व पंधाना तहसील में 334.5 मि.मी. दर्ज हुई है। गतवर्ष 22 जुलाई तक खण्डवा में 382 मि.मी., नया हरसूद में 268 मि.मी. व पंधाना में 210 मि.मी. दर्ज की गई थी। इस तरह गत वर्ष 22 जुलाई तक कुल 286.6 मि.मी. औसत वर्षा जिले में हुई थी जबकि इस वर्ष अब तक जिले में 335 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है।

मूर्ति विसर्जन के संबंध में दिशा निर्देश जारी

खण्डवा 22 जुलाई,2015 - माननीय हरित अधिकरण के संदर्भित आदेश पत्र द्वारा मूर्ति विसर्जन के दौरान जारी निर्देश केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मार्ग दर्शिका अनुसार कार्यवाही हेतु जारी कर दिए गए हैं। यह निर्देश  केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण मंडल की वेबसाइट www.cpeb.nic.in तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट www-mppcb.nic.inपर उपलब्ध है। गणेश उत्सव व दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान मार्गदर्शिका एवं दिशा निर्देशों के अनुरूप ही समस्त कार्यवाही सुनिश्चित एवं संपादित की जाना है जिसमें मूर्ति की ऊंचाई मानव कद 5-6 फीट से अधिक न हो। नागरिकों को सलाह दी गई है कि मूर्ति निर्माण में प्लास्टर ऑफ पेरिस का उपयोग बिल्कुल न किया जाए तथा ईको फ्रेन्डली मूर्ति निर्माण करना एवं मूर्ति सजावट में घातक रसायन,पेन्ट,वार्निश इत्यादि का उपयोग न किया जाए। मूर्तियों का विसर्जन नगर निगम, नगरपालिका तथा नगर पंचायत द्वारा निर्धारित स्थल या कुण्डों में किया जाए।

खरीफ फसलों की बोवाई शीघ्र पूरी करने की किसानों को दी गई सलाह 

खण्डवा 22 जुलाई,2015 - प्रदेश के कई जिलों में हुई वर्षा के बाद अब एक बार फिर खरीफ फसलों की बोवाई की संभावना बनी है। किसान भाइयों को चाहिये कि वे शीघ्र बोवाई पूरी करें। प्रदेश में वर्षा की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए फसलों की स्थिति में बड़ा सुधार होने की संभावना बताई गई है। प्रदेष के कृषि संचालक श्री मोहन लाल द्वारा मैदानी अमले को जारी निर्देशों के अनुसार वर्तमान में हुई वर्षा का लाभ लेकर किसानों को शीघ्र ही बोवाई पूरी करने के लिये प्रेरित किया जाये। किसानों को सलाह दी गई है कि जहाँ वर्षा की अधिकता हो, वहाँ जल निकास करें। उन्हांेने बताया कि खेतो में लम्बे समय तक पानी भरे रहने पर पौधों में फफूंदजनक बीमारियों से जड़े सड़ने लगती हैं। फफूंदजनक बीमारियों पर नियंत्रण हेतु कार्बन्डायजिम,डायथेम जैड-78 में से किसी एक दवा की मात्रा 2.5 से 3 ग्राम प्रति लीटर पानी के हिसाब से घोल बनाकर स्प्रे करें। सोयाबीन फसल में कीट व्याधि जैसे अदर््ध कुण्डलक इल्ली (सेमी लूपर),तम्बाकू इल्ली या गर्डल बीटल प्रति एक मीटर कतार में दो से तीन इल्लियां दिखाई दे तो क्यूनॉलफास 1.5 लीटर या ट्रायजोफास 40 ई.सी. 800 एम.एल. एवंप्रोपेनोफास 40 प्रतिशत और सायपरमेथिन 4 प्रतिशत एक लीटर कीटनाशक दवाई का 500-600 लीटर पानी का घोल बनाकर प्रति हेक्टेयर के मान से छिडकाव करें। इसके साथ ही किसान भाई अधिक जानकारी हेतु कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक तथा कृषि विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क करें। उन्होंने बताया कि वर्तमान तापमान को देखते हुए यदि सोयाबीन की बोवाई की जाना आवश्यक हो तो देर से आने वाली किस्मों की बोवाई शीघ्र पूरी करें। अब सोयाबीन की फसल उसी स्थिति में बोयें जब सिंचाई के साधन उपलब्ध हो। उप संचालक कृषि खण्डवा श्री ओ.पी.चौरे ने किसानों को समझाईष दी है कि बोये जाने वाले सभी मूंग, उड़द, ज्वार, मक्का, बाजरा, कोदो, रामतिल आदि बीजों का उपचार किया जाये। उपचारित बीजों के साथ कल्चर एवं पीएसबी का मिश्रण भी किया जाये। एक से अधिक किस्म बोने तथा अनावर्ती फसलें लेने पर किसान प्राकृतिक जोखिम की संभावना को कम कर सकते हैं। धान की रोपाई में भी जड़ों का उपचार किया जाना आवश्यक होगा।

बोरगॉंव खुर्द की आंगनवाड़ी में मनाया गया बच्चों का जन्मदिन

khandwa news
खण्डवा 22 जुलाई,2015 - इन दिनों आंगनवाड़ी चलो अभियान के तहत जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इसी क्रम में जिले के ग्राम बोरगॉंव खुर्द के आंगनवाड़ी केन्द्र में मंगल दिवस पर बच्चांे का जन्मदिन व अन्य प्रासन्न कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गांव की अनेकों महिलाएं व बच्चें उपस्थित हुए। कार्यक्रम में गांव के सरपंच धर्मेन्द्र पांझरे व पंचायत सचिव ने बच्चों का उत्साह वर्धन किया तथा उन्हें उपहार स्वरूप टिफिन बॉक्स व चम्मच कटोरी भेट किए। 

मतदाता स्वयं अपने मोबाइल से जोड सकते हैं आधार नम्बर को वोटर आई.डी.से

खण्डवा 22 जुलाई,2015 -  आधार कार्ड को वोटर आई.डी. से जोडने की योजना के तहत मतदाता स्वयं एसएमएस करके अपना वोटर आईडी आधार कार्ड से जोड सकते हैं। इसके लिये वे ECILINK>Space>EpicNo->ADHARNo. को 51969 पर एसएमएस करें। इससे उन्हें एसएमएस के जरिये लिंक होने की सूचना भी मिलेगी। इंटरनेट पर “नेशनल वोटर सर्विस’’ पर जाकर भी कोई भी मतदाता घर बैठे या इंटरनेट कैफे जाकर अपना मोबाइल नम्बर या ई-मेल पता और आधार नम्बर वोटर आईडी से जोड़ सकता हैं। ई-मेल के जरिये भी कोई भी मतदाता अपना वोटर आईडी आधार कार्ड से जोड़ सकता है और chiefelectoralofficemp@gmail.com  पर ई-मेल कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस अभियान का प्रचार-प्रसार जारी है। इसके अलावा बीएलओ ने घर-घर जाकर आधार कार्ड को वोटर आईडी से जोडने का काम तेज कर दिया हैं। बीएलओ समग्र आईडी से भी मतदाताओं के आधार नम्बर घर बैठे डाउनलोड कर सकते हैं। जो ग्राम पंचायत सचिव पहले से ही बीएलओ नियुक्त हैं, उनके लिये यह काम और भी आसान रहेगा। 

नेशनल लोक अदालत 25 जुलाई को
खण्डवा 22 जुलाई,2015 -  मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष विषयों पर नेशनल लोक अदालत आयोजन के निर्देश दिए गए हैं। आगामी 25 जुलाई को विशेष विषय पर नेशनल लोक अदालत आयोजित की जाएगी। लोक अदालत में विद्युत, जल, दूरसंचार तथा लोकोपयोगी विवादों से संबंधित प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। आम जनता से अपील की गई है कि लोक अदालत में अपने प्रकरणों का निराकरण कराकर समय, धन आदि की बचत करें। प्रत्येक माह आयोजित मासिक नेशनल लोक अदालत से संबंधित जानकारी के लिए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सम्पर्क किया जा सकता है। 

कोई टिप्पणी नहीं: