पंजाब में आतंकी हमले के मुद्दे ने लोकसभा को अपनी जद में ले लिया है. पंजाब के सांसदों ने गुरदासपुर आतंकी हमले को आंतरिक सुरक्षा और सौहार्द के लिए बड़ा खतरा बताया. सांसदों ने सरकार से इस ओर सदन में बयान की मांग की, जिसपर संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि गृह मंत्री सदन में बयान देंगे.
लोकसभा की कार्यवाही को हंगामे के कारण कुछ घंटों के लिए स्थगित करना पड़ा था. सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद गृह मंत्री के बयान की मांग एक बार फिर शुरू हुई. वेंकैया नायडू ने कहा कि गृह मंत्री बयान देने के लिए तैयार हैं, लेकिन बयान पंजाब थाने में आतंकियों से मुठभेड़ खत्म होने के बाद दिया जाएगा. विपक्ष ने स्पीकर से शिकायत की है कि उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा है. इससे पहले राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़ गई. ललित मोदी और व्यापम मामले को लेकर हंगामे के कारण कार्यवाही को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है.
कांग्रेस के साथ ही दूसरे विपक्षी दल ललित मोदी मामले में सुषमा स्वराज, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और व्यापम मामले में शिवराज के इस्तीफे की मांग को लेकर अड़े हुए हैं. पिछले हफ्ते भी इन मुद्दों पर सदन के अंदर और बाहर जमकर बवाल हुआ. शुक्रवार को हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही सोमवार के लिए स्थगित कर दी गई थी. कांग्रेस सांसद सोमवार को भी काली पट्टी लगाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे, वहीं संसद में जारी गतिरोध खत्म करने के लिए लोकसभाध्यक्ष सुमित्रा महाजन फिर सर्वदलीय बैठक बुला सकती हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें