केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि पंजाब के दीनानगर में मारे गए तीनों आतंकवादी पाकिस्तान से घुसपैठ कर भारत पहुंचे थे और उन्होंने पड़ोसी देश को चेतावनी देते हुए कहा कि दुश्मनों के किसी भी प्रयास का भारतीय सुरक्षा बल मुंहतोड़ जवाब देंगे। पंजाब के गुरदासपुर जिले के दीनानगर में 27 जुलाई को हुए आतंकवादी हमले पर राज्यसभा में एक बयान देते हुए राजनाथ ने कहा, "आतंकवादियों के पास से बरामद जीपीएस प्रणाली से मिले आंकड़ों के प्रारंभिक विश्लेषण के मुताबिक आतंकवादियों ने गुरदासपुर जिले के निकट तास इलाके से घुसपैठ की थी, जहां रावी नदी पाकिस्तान में प्रवेश करती है।"
राजनाथ ने कहा, "यह भी आशंका है कि दीनानगर तथा झकोलादी के बीच तलवंडी गांव के पास रेलवे पटरी पर उन्हीं आतंकवादियों ने पांच आईईडी लगाई होगी, जिसे बाद में निष्क्रिय कर दिया गया था।" उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि भारत के दुश्मनों द्वारा देश की क्षेत्रीय एकता व सुरक्षा या नागरिकों की सुरक्षा को संकट में डालने वाले किसी भी प्रयास का देश के सुरक्षाबल मुंहतोड़ जवाब देंगे। राजनाथ ने कहा, "मैं सदन को आश्वस्त करता हूं कि देश से आतंकवाद को उखाड़ फेंकने के प्रति भारत दृढ़संकल्प है। सदन को इस बात से भी आश्वस्त करता हूं कि सरकार देश को लक्षित सीमा पार के आतंकवाद को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।"
विपक्ष द्वारा सरकार विरोधी नारे व हंगामे के बीच राजनाथ ने तीनों आतंकवादियों को मार गिराने के लिए पंजाब पुलिस की सराहना की। राजनाथ ने कहा कि सीमा पर भारी बारिश तथा उफनी नदियों व नालों का फायदा उठाकर कुछ आतंकवादी घुसपैठ में सफल हो सकते हैं, जिसके मद्देनजर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पूरी तरह मुस्तैद है। बयान पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें