कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को पंजाब के गुरदास जिले में एक पुलिस थाने पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की। राहुल ने एक ट्वीट में लिखा, "मैं गुरदासपुर में हुए आतंकवादी हमले की पुरजोर निंदा करता हूं। उम्मीद है कि स्थिति जल्द से जल्द नियंत्रण में आ जाएगी।" उन्होंने लिखा, "मेरी प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने हमले में अपनों को खोया है।"
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ने सोमवार को पंजाब के दीनानगर शहर में हुए आतंकवादी हमले को 'कायरतापूर्ण' करार दिया। केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, "हम पंजाब में मासूम लोगों पर किए गए कायरतापूर्ण हमले की पुरजोर निंदा करते हैं।" उन्होंने लिखा, "हम पंजाब के लोगों के साथ हैं और आशा करते हैं कि गुनहगार जल्द पकड़े जाएंगे।"
आतंकवादियों ने सोमवार सुबह दीनानगर कस्बे के एक बस स्टैंड पर हमला किया और फिर वे एक पुलिस स्टेशन में घुस गए, जहां वे अब भी छिपे हुए हैं और रुक-रुक कर गोलीबारी कर रहे हैं। सुरक्षा बल थाने के बाहर से आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। इस हमले में दो पुलिसकर्मियों सहित पांच लोगों की मौत हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें