नीति आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढि़या ने विश्वास जताया है कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बन सकती है। पनगढि़या ने कहा कि विकास आधारित नीतियों पर आगे बढ़ते रहने से भारतीय अर्थव्यवस्था अगले 15 साल या उससे भी कम समय में 8,000 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकती है।
पनगढि़या ने छठे आर.के. तलवार स्मति व्याख्यान में कहा, 15 साल से भी कम समय में हमारी अर्थव्यवस्था में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की संभावनाएं बहुत प्रबल हैं। तलवार को भारतीय स्टेट बैंक का सबसे सफल चेयरमैन माना जाता है। उन्होंने 1969 से 1976 तक बैंक का नेतृत्व किया था।
विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) सहित कई विश्लेषक यह अनुमान व्यक्त कर चुके हैं कि अमेरिका और चीन के बाद भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। वर्ष 2030 तक भारत की जीडीपी 10,000 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है। पनगढि़या ने कहा, वर्ष 2003-04 से 2012-13 के दशक के दौरान रुपये में आई वास्तविक मजबूती पर गौर किया जाये तो डॉलर के लिहाज से हमने सालाना 10 प्रतिशत की वद्धि हासिल की। इस रफ्तार से हम 2014-15 के दाम पर मौजूदा 2,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था को अगले 15 साल अथवा इससे भी कम समय में 8,000 अरब डॉलर तक पहुंचा सकते हैं, इसके साथ ही हम दुनिया की तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था जापान से आगे निकल सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें