व्यापमं घोटाले मामले में चौतरफा घिरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय इस्पात एवं खान मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा शुरू किए जाने के एक दिन बाद आज प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान को क्लीन चिट देते हुए उनके इस्तीफा देने की संभावना से पूरी तरह इंकार कर दिया।
वहीं मामले में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा लगातार लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि विषयहीनता के दौर से गुजर रही हताश-निराश कांग्रेस भाजपा के खिलाफ विषय तलाशने कुछ भी करने के लिए तैयार है और इसी क्रम में मध्यप्रदेश को पूरी दुनिया में बदनाम करने का 'महापाप' कर रही है। तोमर ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि व्यापमं घोटाला और उससे जुडी किसी की भी मौत, दोनों दु:खद हैं, पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय न होने के उद्देश्य से घोटाले की जांच प्रारंभ कराई। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच की शुरूआत कराई। उन्होंने इस बात का भी दावा किया कि कई प्रदेशों में इस तरह के मामले सामने आए, लेकिन अब तक ऐसा कहीं नहीं हुआ कि किसी और मुख्यमंत्री ने मामले की आगे बढ कर जांच शुरू कराई हो।
घोटाले की निष्पक्ष जांच के लिए राज्यपाल रामनरेश यादव और मुख्यमंत्री के इस्तीफे से जुडे एक सवाल के जवाब में उन्होंने पूरी भाजपा के मुख्यमंत्री के साथ होने का दावा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने श्री चौहान को मुख्यमंत्री नहीं बनाया है और इसलिए विपक्षी पार्टी को उनका इस्तीफा मांगने का कोई अधिकार नहीं है।
कांग्रेस पर आक्रामक रूख अपनाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में पार्टी ने मुंह की खाई, इसके बाद अब वह मुख्यमंत्री के साथ-साथ उस प्रदेश को दुनिया के पटल पर बदनाम करने का महापाप कर रही है, जिसे मुख्यमंत्री ने अपनी मेहनत से बीमारू श्रेणी से बाहर निकाला। कांग्रेस के आगामी 16 जुलाई को प्रदेश बंद की अपील पर उन्होंने कहा कि अब जब मामले की जांच सीबीआई ने करनी प्रारंभ कर दी है, तब भी पार्टी को भरोसा नहीं है।
घोटाले से जुडे हजारों लोगों के जेल में होने संबंधी एक सवाल के जवाब में श्री तोमर ने कहा कि अनियमितताएं सामने आने के बाद लगभग 2600 लोगों को चिह्नित किया गया, दो हजार 632 लोगों को आरोपी बनाया गया, दो हजार 238 को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 378 अभी कारागार में हैं। उन्होंने कहा कि मामले के जो मुख्य आरोपी हैं, वे सब जेल में हैं।
कांग्रेस ने महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के कई लोगों की व्यापमं के माध्यम से अवैध तरीके से भर्ती होने का आरोप लगाया था, इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि इस आरोप पर पार्टी मुंह की खा चुकी है क्योंकि मामले का कोई प्रमाण नहीं मिला। कांग्रेस ने कहा था कि परिवहन आरक्षक परीक्षा का रिकार्ड जलाया गया, इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी ही बताए कि ये रिकॉर्ड कहां जलाए गए। कांग्रेस महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा पेश की गई हार्ड डिस्क के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी कंपनी के जिस लैपटॉप की ये हार्ड डिस्क बता रही है, वह संस्करण तो बाजार में ही उस समय के छह महीने बाद आया था।
कुछ समाचार माध्यमों में व्यापमं मामले से जुडे एक आरोपी सुधीर कुमार भदौरिया के श्री तोमर से संबंधित होने के आरोप लग रहे थे, इस बारे में पूछे गए एक सवाल में उन्होंने आरोपों को स्पष्ट तौर पर नकारते हुए कहा कि उनका ऐसा कोई रिश्तेदार नहीं है, जिसका व्यापमं से कोई संबंध हो। प्रदेश में आज श्री तोमर समेत कई स्थानों पर पार्टी के कई आला नेता इस मुद्दे पर डैमेज कंट्रोल के लिए संवाददाता सम्मेलन कर पार्टी का पक्ष रख रहे हैं, इससे जुडे एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी में इस मुद्दे को लेकर कोई बौखलाहट नहीं है। वे केंद्रीय मंत्री होने के साथ पार्टी की प्रदेश इकाई के एक कार्यकर्ता भी हैं और इसलिए जनता के सामने पार्टी का पक्ष रख रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें