अतिवृष्टि से प्रभावित स्थलों का मुआयना, धैर्य बनाएं रखने की अपील
विदिशा नगर में गत रात्रि हुई अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का कलेक्टर श्री एमबी ओझा, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र चैधरी, एसडीएम श्री आरपी अहिरवार, समाजसेवी श्री मुकेश टण्डन, श्री संदीप सिंह डोंगर, श्री छत्रपाल शर्मा, तहसीलदार श्री रविशंकर राय ने संयुक्त रूप से जायजा लिया। कलेक्टर श्री एमबी ओझा ने पीडि़तों को आश्वस्त कराया कि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कते नही होने दी जाएगी। विदिशा नगर के अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्र नौलखी, सुभाषनगर, बालकदास की तलैया, तलैया मोहल्ला, सिन्धी काॅलोनी, डंडापुरा, करैयाखेडा रोड, बंटीनगर, रायल सिटी, नाना का बाग एवं सागर पुलिया क्षेत्र में पहुंचकर पीडि़तों को ढांढस बंधाया। समाजसेवी श्री मुकेश टण्डन ने अतिवृष्टि से प्रभावित नागरिकों से कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने नागरिकों से कहा कि उन्हें किसी भी तरह से परेशान नही होने दिया जाएगा।
पुख्ता प्रबंध
कलेक्टर श्री ओझा ने बताया कि अतिवृष्टि से प्रभावितों को कोई परेशानी ना हो इसके लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए है। जिले में अस्थायी शिविर बनाए गए है और इन शिविरो में आने वालो के लिए पानी, भोजन और दवा के प्रबंध किए गए है। अतिवृष्टि क्षेत्रों पर प्रशासन सतत नजर रखे है उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे प्राकृतिक आपदा में धैर्य बनाए रखे।
बैरियर
बेतवा नदी चरण तीर्थ पुल के ऊपर लगभग छह फीट पानी बह रहा है। आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। यहां बैरियर भी लगाए गए है इसके अलावा पुलिस एवं होमगार्ड के जवान और गोताखोर तैनात किए गए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सकें। बेतवा नदी में पांच मोटर वोट की भी व्यवस्था की गई है ताकि नदी क्षेत्र से लगे गांव में अचानक पानी भरता है तो उस क्षेत्र के लोगों को मोटर वोट से तत्काल निकाला जा सके। ताकि उस क्षेत्र में किसी भी प्रकार से जनहानि ना हो सके।
कंट्रोल रूम
जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम का भी संचालन किया जा रहा है जो 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07592-237880 है। आमजन अतिवृष्टि, बाढ़ संबंधी सूचनाओं के साथ-साथ अन्य किसी प्रकार की समस्या क्षेत्र में परलिक्षित हो रही है तो अविलम्ब कंट्रोल रूम के दूरभाष पर सूचित कर सकते है।
अवकाश
कलेक्टर श्री एमबी ओझा ने जिले के तीन विकासखण्ड क्रमशः विदिशा, नटेरन और लटेरी में हुई अतिवृष्टि को ध्यानगत रखते हुए 20 जुलाई सोमवार को उक्त तीनों विकासखण्ड के शासकीय एवं प्रायवेट स्कूलों में अवकाश घोषित करने के आदेश जारी कर दिए है। उक्त तीनों विकासखण्ड की समस्त नर्सरी कक्षा से लेकर बारहवीं तक की कक्षाओं के स्कूलों में सोमवार को अध्यापन कार्य बंद रहेंगा।
योजनाओं का प्रचार प्रसार
मानोरा मेला में शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार जनसम्पर्क विभाग के द्वारा किया गया है मेला परिसर में विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। जिसका आंगतुक श्रद्धालुओं एवं अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, ग्यारसपुर एसडीएम श्री मनोज कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारियों ने भी अवलोकन किया और उन्हें जनसम्पर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित योजनाओं पर आधारित आगे आएं लाभ उठाएं, सबकी चिन्ता सबका मान, कमजोर तबके की सामाजिक सुरक्षा के नवाचारी प्रयास, सुशासन की नई पहल पुस्तिका का निःशुल्क वितरण किया गया।
जिले में अब तक 298.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज, एक दिन में 44.5 मिमी औसत वर्षा हुई
जिले में अब तक 298.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है जबकि गतवर्ष उक्त अवधि में 243.3 मिमी औसत वर्षा हुई थी। 19 जुलाई की प्रातः आठ बजे दर्ज की गई जिले की औसत वर्षा 44.5 मिमी है। अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती सविता पटेल ने तहसीलों में स्थापित वर्षामापी यंत्रो पर रविवार की प्रातः दर्ज की गई वर्षा की जानकारी देते हुए बताया है कि सर्वाधिक विदिशा तहसील में 157.4 मिमी और सबसे कम कुरवाई में 9.4 मिमी वर्षा हुई है। जबकि बासौदा में 19.4 मिमी, सिरोंज में 21 मिमी, लटेरी में 80 मिमी, ग्यारसपुर में 30 मिमी, गुलाबगंज में 15 मिमी और नटेरन तहसील में 24 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें