बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (03 अगस्त) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 3 अगस्त 2015

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (03 अगस्त)

15 अगस्त को जिले में धूमधाम से मनाया जायेगा स्वतंत्रता दिवस
पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी जिले में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम के साथ हर्षोल्लास से मनाया जायेगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों के लिए आज 03 अगस्त को कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी भी मौजूद थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी शासकीय, अर्ध्दशासकीय तथा अशासकीय संस्थाओं में प्रात: 7 से 8 बजे के बीच ध्वजारोहण किया जायेगा। मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड में प्रात: 9 बजे से प्रारंभ होगा। बैठक व्यवस्था पूर्व वर्ष की भाँति रहेगी । शिक्षण संस्थाओं द्वारा नगर में प्रभात फेरी प्रात: 7.30 बजे से निकाली जायेगी, जो नगर के विभिन्न भागों से होती हुई मुख्य समारोह स्थल पुलिस परेड ग्राउण्ड पहुंचेगी। बैठक में बताया गया कि मुख्य समारोह स्थल पर सांस्कृति कार्यक्रम केवल 35 मिनट का होगा जिसमें केवल देशभक्ति के कार्यक्रम शामील होंगे । समारोह स्थल पर पेयजल, कुर्सियों की व्यवस्था नगर पालिका द्वारा की जायेगी। इसी प्रकार टैण्ट,विद्युत, साउण्ड, बेरीकेटिंग, बैठक व्यवस्था आदि के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये । बैठक में बताया गया कि प्लास्टिक के तिरंगे झंडे का विक्रय प्रतिबंधित रहेगा। प्रभात फेरी में तिरंगे झंडे केवल कागज या कपड़े का उपयोग किया जा सकेंगें। प्रभात फेरी में प्राथमिक शालाओं के बच्चों को शामिल नहीं किया जायेगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी शासकीय भवनों पर 14 एवं 15 अगस्त की रात्री से रोशनी की जायेगी।

शाला से गायब मिले अध्यापक को कारण बताओ नोटिस
शाला दर्पण मोबाईल एप्प के द्वारा शालाओं की निगरानी व्यवस्था के अंतर्गत जिला शिक्षा अधिकारी एस.पी.लाल ने 30 जुलाई 2015 को हायर सेकेंडरी स्कूल नवेगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया तो वहां के वरिष्ठ अध्यापक जनकलाल नगपुरे शाला से बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर श्री लाल ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूध्द अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाये। वरिष्ठ अध्यापक श्री नगपुरे को सात दिनो के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एक पक्षीय कार्यवाही की चेतावनी दी गई है। 

आधार कार्ड पंजीयन के लिए उत्कृष्ट विद्यालय में लगाया गया शिविर
कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल के निर्देश पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट में आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं शालाओं के बालक-बालिकाओं के आधार कार्ड पंजीयन के लिए विशेष शिविर लगाया गया है। यह शिविर 03 अगस्त से प्रारंभ हो गया है और आगामी 10 अगस्त तक चलेगा।  उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट में लगाये गये इस विशेष शिविर में 10 अगस्त 2015 तक प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक आधार कार्ड के लिए पंजीयन कराया जा सकता है। इस शिविर में आंगनवाड़ी केन्द्रों के शून्य से 05 वर्ष तक के बालक बालिकाओं के पंजीयन के लिए उनके माता-पिता या अभिभावक जिनके आधार कार्ड हो के बायोमेट्रिक थम्ब इम्प्रेशन के माध्यम से जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर पंजीयन कराया जायेगा। इस शिविर में ऐसे नागरिक जिनका आधार कार्ड के लिए अब तक पंजीयन नहीं हुआ है वे भी नि:शुल्क अपना पंजीयन करा सकते है। 

प्राकृतिक आपदा से मृत तीन व्यक्तियों के परिवारों को 3.50 लाख रु. की सहायता राशि मंजूर
बैहर एवं बिरसा तहसील के तीन व्यक्तियों की गत दिनों प्राकृतिक आपदा में मृत्यु हो जाने के कारण बैहर के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री रोहित सिंह ने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रावधानों के तहत उनके वारिसों को 3 लाख 50 हजार रु. की सहायता राशि मंजूर की है।  बैहर तहसील के ग्राम बलगांव की निवासी सहबतिया बाई की 25 मई 2015 को  सांप के काटने से मृत्यु हो जाने के कारण उसके वारिस पति जयसिंह को 50 हजार रु. की सहायता राशि मंजूर की गई है। इसी प्रकार 08 जून 2015 को आकाशीय बिजली गिरने से बिरसा तहसील के ग्राम लोरमी के निवासी बालक राहुल एवं बालिका रोशनी की मृत्यु हो जाने के कारण उनके वारिस पिता क्रमश: संतराम एवं खेमराज को पृथक-पृथक 1.50-1.50 लाख रु. की सहायता राशि मंजूर की गई है। बैहर एवं बिरसा के तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि वे इन हितग्राहियों के बैंक खाते में ई-पेमेंट के द्वारा सहायता राशि शीघ्र जमा करायें। 

वोटर आई.डी. कार्ड को आधार नम्बर से लिंक कराने स्वास्थ्य केन्द्रों में लगेंगें शिविर, शिविरों की तिथियां निर्धारित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदाताओं के वोटर आई.डी. कार्ड( मतदाता परिचय पत्र) को उनके आधार कार्ड नं. से लिंक कराया जाना है। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री व्ही. किरण गोपाल ने जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रा में शिविर लगाने के निर्देश दिये है। स्वास्थ्य केन्द्रों में लगाये जाने वाले शिविरों की तिथियां भी तय कर दी गई है। मतदाता पहचान पत्र को उनके आधार कार्ड नम्बर से लिंक कराने के लिए आगामी 05 अगस्त को शीदी भगत सिंह जिला चिकित्सालय बालाघाट, 06 अगस्त को उप स्वास्थ्य केन्द्र वारासिवनी, बैहर व किरनापुर, 07 अगस्त को उप स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी, लामता व लांजी, 08 अगस्त को उप स्वास्थ्य केन्द्र खैरलांजी, परसवाड़ा व बिरसा तथा 10 अगस्त को उप स्वास्थ्य केन्द्र रामपायली, लालबर्रा व उकवा में शिविर लगाया जायेगा। स्वास्थ्य केन्द्रों में लगने वाले इन शिविरों में समस्त शासकीय सेवकों व उनके परिवार के सदस्यों के मतदाता परिचय पत्र को उनके आधार कार्ड नम्बर से लिंक कराया जायेगा। जिले के मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने मतदाता परिचय पत्र को आधार कार्ड से लिंक करायें। इसके लिए म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग की वेवसाईट या टोल फ्री नम्बर 1950 पर काल करके या मोबाईल नम्बर 51969 पर एस.एम.एस. द्वारा ईपिक नम्बर और आधार नम्बर भेजकर अपना मतदाता परिचय पत्र आधार कार्ड से लिंक कराने कहा गया है। इसके अलावा कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक-119 में भी कोई भी मतदाता अपना मतदाता परिचय पत्र एवं आधार साथ में लाकर अपने मतदाता परिचय पत्र को आधार कार्ड से लिंक करा सकता है। अपने आधार कार्ड नम्बर को फोटो युक्त मतदाता परिचय पत्र से लिंक कराने का कार्य वेवसाईट www.nvsp.in पर भी किया जा सकता है।

वोटर कार्ड को आधार कार्ड से लिंक कराने अनुविभाग स्तर पर बनेंगें कामन सर्विस सेंटर
  • कामन सर्विस सेंटर के लिए 5 अगस्त तक निविदा आमंत्रित

सभी मतदाताओं के मतदाता परिचय पत्र को उनके आधार कार्ड नम्बर से लिंक कराने के लिए जिले के राजस्व अनुविभाग मुख्यालय बालाघाट, वारासिवनी, लांजी, कटंगी व बैहर में कामन सर्विस सेंटर(सी.एस.सी.) प्रारंभ करना है। इन सेंटर पर मतदाता परिचय पत्र एवं आधार कार्ड के डाटा को वेवसाईट www.nvsp.in में लिंक कराने का कार्य किया जायेगा। इसके लिए इच्छुक व्यक्तियों से प्रत्येक अनुविभाग के लिए पृथक-पृथक सीलबंद निविदा आमंत्रित की गई है। निविदा फार्म 04 अगस्त 2015 तक कार्यालयीन समय में कलेक्ट्रेट कार्यालय के कक्ष क्रमांक-131 से प्राप्त किये जा सकते है। भरे हुए निविदा आवेदन फार्म 5 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक जमा कराये जा सकते है। निविदा 5 अगस्त को अपरान्ह 4 बजे खोली जायेगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय बालाघाट से सम्पर्क किया जा सकता है।                                                                                                                                                                                                           आवासीय विशेष प्रशिक्षण केन्द्र में वार्डन के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित
राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार जिले में आवासीय विशेष प्रशिक्षण केन्द्र बालाघाट का संचालन किया जाना है। आवासीय विशेष प्रशिक्षण केन्द्र के संचालन के लिए सहायक वार्डन के पूर्णत: अस्थाई पदों के लिए 06 अगस्त2015 तक इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। आवेदन पत्र जिला शिक्षा केन्द्र बालाघाट में आवेदन जमा किये जा सकते है। इच्छुक व्यक्ति विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र का प्रारूप जिला शिक्षा केन्द्र के सूचना पटल से प्राप्त कर सकते है।

सैनिक कल्याण अधिकारी का 04 अगस्त को बालाघाट आगमन
भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों, सैनिकों की विधवाओं एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के निराकरण के लिए 04 अगस्त को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त ले.कर्नल जया जेवियर का बालाघाट आगमन हो रहा है। अपने बालाघाट प्रवास के दौरान वे सर्किट हाउस बालाघाट में प्रात: 11 बजे से जिले में निवासरत भूतपूर्व सैनिकों, सैनिकों की विधवाओं, सेवारत सैनिकों के परिजनों एवं आश्रितों से मुलाकात करेंगी। इस दौरान वे उन्हें स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगी तथा उनकी गणना, पंजीकरण व पहचान पत्र जारी करने के संबंध में चर्चा करेंगी। जिला सैनिक कल्याण संयोजक श्री एल.आर. दमाहे ने जिले में निवासरत भूतपूर्व सैनिकों, सैनिकों की विधवाओं, सेवारत सैनिकों के परिजनों व आश्रितों से अपील की है कि वे जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के बालाघाट प्रवास का अधिक से अधिक संख्या में आकर लाभ उठायें।

अतिथि शिक्षक के लिए 07 अगस्त तक आवेदन पत्र आमंत्रित
शासकीय हाई स्कूल गर्रा में अंग्रेजी विषय के अतिथि शिक्षक वर्ग-2 का एक पद रिक्त है। अंग्रेजी विषय में अतिथि शिक्षक का कार्य करने के इच्छुक युवा आगामी 07 अगस्त 2015 तक अपने आवेदन प्राचार्य हाई स्कूल गर्रा के समक्ष प्रस्तुत कर सकते है। आवेदक का संबंधित विषय में स्नातक एवं प्रशिक्षित होना अनिवार्य है। 

जिले में 436 मि.मी. वर्षा रिकार्ड, गत वर्ष 172 मि.मी. कम हुई है वर्षा 
जिले के किसान बेसब्री से वर्षा का इंतजार कर रहे है। पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण किसान धान का रोपा नहीं लगा पा रहे है। जिससे जिले में सूखा पड़ने की संभावना पैदा होने लगी है। जिले में चालू वर्षा सत्र के दौरान एक जून से 03 अगस्त 2015 तक 436 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 608 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई थी। इस प्रकार जिले में गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 172 मि.मी. कम वर्षा हुई है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1447 मि.मी. है। चालू वर्षा सत्र में अब तक सबसे अधिक 588 मि.मी. वर्षा बैहर तहसील में तथा सबसे कम 219 मि.मी. वर्षा वारासिवनी तहसील में रिकार्ड की गई है। चालू वर्ष में कटंगी तहसील में 505 मि.मी., बालाघाट में 538 मि.मी. एवं लांजी तहसील में 315 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। गत वर्ष इसी अवधि में बालाघाट तहसील में 720 मि.मी., वारासिवनी में 501 मि.मी., बैहर में 681 मि.मी., लांजी में 549 मि.मी. एवं कटंगी तहसील में 592 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई थी। 

अध्यापक संवर्ग के ऑनलाइन संविलयन के लिए सत्यापन की अंतिम तिथि 05 अगस्त
लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा अध्यापक संवर्ग के लिए ऑनलाइन वेरिफिकेशन की तिथि दिनांक 25 जुलाई 2015 से बढ़ाकर दिनांक 05 अगस्त 2015 तक कर दी गई है। वर्तमान में जिलें में भुवनेश्वरी नंदनवार, रश्मि गजाम, पायल देवगड़े, मलिका अंजुम, इन्दू बिसेन, गुनेश्वरी राहंगडाले एवं दीपशिखा गोस्वामी का सत्यापन नही हो पाया है। जिसके कारण इनका संविलयन होना संभव नही है। इनके द्वारा अपने मूल अभिलेख कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी बालाघाट प्रस्तुत न करने के कारण इनका सत्यापन लंबित है। समस्त आवेदक निर्धारित तिथि तक अपने मूल अभिलेख व उनकी प्रमाणित छायाप्रति के एक सेट के साथ कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी बालाघाट में अपनी उपस्थिति दें। यदि सत्यापन के अभाव में किसी अध्यापक का संविलयन नही होता है, तो यह संबंधित व्यक्ति का व्यक्तिगत उत्तरदायित्व होगा।

62 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को किया गया पी.पी.ओ. का वितरण
  • चार कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के साथ मिला पी.पी.ओ.

जिला पेंशन कार्यालय द्वारा माह जुलाई 2015 में विभिन्न विभागों के 62 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण का निराकरण कर उनके पी.पी.ओ.(पेंशन प्राधिकारी पत्र) तैयार किये गये है। इनमें से 04 कर्मचारी 31 जुलाई 2015 को ही सेवानिवृत्त हुए है। इन चार कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के साथ ही पी.पी.ओ. प्राप्त हो गया है। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पी.पी.ओ. का वितरण किया गया। इस अवसर पर सहायक पेंशन अधिकारी दुर्गेश नंदन हजारिया भी मौजूद थे।31 जुलाई 2015 को सेवानिवृत्त होने वाले कटंगी के प्रधान पाठक पैकराम पटले, कमला नेहरू विद्यालय वारासिवनी के भृत्य धूपलाल भवरे, महकेपार के व्याख्याता हरिसिंह झारिया व कृषि विभाग की भृत्य शोभा वासनिक को सेवानिवृत्ति के साथ ही पी.पी.ओ. का वितरण किया गया है। पूर्व में सेवानिवृत्त हो चुके कलेक्ट्रेट कार्यालय की नजमा खान, गढ़ी के प्रधानपाठक जगदीश प्रसाद पटले, वैनगंगा संभाग की आशा भोगाड़े, पशु चिकित्सा सेवा विभाग की डॉ. सीमा रानी कृपा, मोहपत बिसेन, सोहर सिंह परिहार, कृषि विभाग के बिसराम देशमुख, समनलाल परतेती, फूलचंद सेवईवार, वन विभाग के लोकराम टेंभरे, बैहर जेल के लोकराम पटले, रेलवाही के शिक्षक प्रेमचंद बड़गैया व कटंगी स्कूल के लेखापाल रूपचंद पंचेश्वर को पी.पी.ओ. का वितरण किया गया है। पूर्व में सेवानिवृत्त हो चुके राजीव सागर परियोजना के ईश्वरी प्रसाद भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निमारचंद, रामकिशोर सोनेकर, सुमन छिपेश्वर, कृषि विभाग के  राधेश्याम राउत,  संजय कुमार देशभ्रतार, श्रीराम वाकड़े, आई.टी.आई. बालाघाट के सुनउलाल जामरे, वन विभाग के भारतलाल कोठारे, बसंत कुमार पटले, श्रीराम नागफासे, भू-अभिलेख के पन्नालाल बारेकर, श्रीराम पटले, पी.जी. कालेज बालाघाट के ईश्वरी प्रसाद टेंभरे, प्रौढ़ शिक्षा के रंगलाल सेंभरे, भारी मशीनरी संभाग की भागवती बाई, लीला बाई, भू-जल विद कार्यालय की सुशीला बाई ब्राम्हणकर, डाईट के भीवाजी शेंडे, बंजर नदी परियोजना के कमलसिंह धुर्वे, कचनारी स्कूल के राजाराम तरवरे, मदनलाल कोसरकर, स्वास्थ्य विभाग के देवीचंद बिसेन, संदीप कुमार रगड़े, लालबर्रा की शिक्षक नंदिनी भैरम, बाल विकास परियोजना बिरसा की गीता बघेल, वैनगंगा संभाग के जगन्नाथ चौधरी, टिहली बाई स्कूल वारासिवनी के शिक्षक मो. कासिम सादिक, कलेक्टटर कार्यालय की स्व. श्रीमती छोटी मरावी के पेंशन प्रकरण का निराकरण उन्हें पी.पी.ओ. प्रदान किया गया है। गर्रा स्कूल के शिक्षक गयाप्रसाद चौबे, बहेला स्कूल के अरशद हुसैन, लांजी के शिक्षक दामोदर मोरघड़े, भूमि संरक्षण के नीलम बंशपाल, भू-अभिलेख के प्यारेलाल कबीरे, लोक निर्माण विभाग की अनुसुईया नागदौने, रमेश कुमार निषाद, जलसंसाधन सर्वेक्षण संभाग के गुनाराम भालाधरे, किरनापुर के प्रधानपाठक वहीद खान, मंडई स्कूल के शिक्षक उदबलसिंह मरकाम, वन विभाग के ईश्वरी प्रसाद वाकड़े, बंजर नदी परियोजना के साजनदास बोरकर, जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय के अम्बादास इंगले, कायदी के प्रधानपाठक इकबाल मो. कुरैशी, लांजी तहसील के नरेन्द्रगिरी गोस्वामी तथा तहसील कार्यालय बालाघाट के पटवारी रेखचंद चौकसे के पेंशन प्रकरण का निराकरण कर उन्हें पी.पी.ओ. प्रदान किया गया है। 

जे.एन.यू. के कुलपति ने की कृषि महाविद्यालय बालाघाट के प्रगति कार्यो की समीक्षा
balaghat news
कृषि महाविद्यालय बालाघाट, मुरझड़ फार्म, वारासिवनी में संचालित कृषि शिक्षा कृषि अनुसंधान, कृषि का प्रचार-प्रसार, इत्यादि का कार्य सुचारू रूप से चले इसके लिए जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर के प्रभारी कुलपति डॉ. एस.के. राव द्वारा दिनांक 04 अगस्त 2015 को महाविद्यालय का भ्रमण किया गया।कुलपति डॉ. राव को अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय डॉ. पी.के. बिसेन द्वारा कृषि महाविद्यालय में संचालित कृषि शिक्षा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों व प्रक्षेत्र में चल रहे अनुसंधानों के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। जिस पर कुलपति द्वारा प्रसन्नता जाहीर की गई व कॉलेज स्टाफ को बालाघाट जिले की कृषि परिस्थिति अनुसार देश व प्रदेश स्तर पर चल रही विभिन्न योजनाओं से कृषि तकनिकी प्रोजेक्ट लाने, राष्ट्रीय व अतर्राष्ट्रीय कृषि विश्वविद्यालयों से तालमेल मिलाकर वहां चल रही उच्च स्तरीय कृषि शिक्षा को अपने महाविद्यालय में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। तत्पश्चात कुलपति डॉ. राव द्वारा कृषि छात्रों से वार्तालाप की गई जिसमें छात्रों की समस्याओं का बहुत जल्दी समाधान करने का आश्वासन दिया गया व छात्रों को अंग्रेजी का ज्ञान बढ़ाने, पुस्तकालय का उपयोग करने व जुनियर रिसर्च फेलोशिप हेतु तैयारी करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय का पूरा स्टॉप उपस्थित था।

भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया अब हुई ऑनलाइन
भारतीय सेना में अब ओपन रैली के जरिये भर्ती प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया है। सेना में जाने के इच्छुक उम्मीदवारों को भर्ती के लिये ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य किया गया है। यह रजिस्ट्रेशन सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर किया जा सकता है। आवेदक अपने व्यक्तिगत कम्प्यूटर, साइबर कैफे, केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा स्थापित सुविधा केन्द्रों से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। इसके बाद पात्र उम्मीदवारों को आवश्यक दस्तावेज और चिकित्सा संबंधी जाँच के लिये बुलाया जायेगा। यह व्यवस्था एक जुलाई 2015 से लागू कर दी गई है। भारतीय सेना में अक्टूबर-नवम्बर 2015 में बैतूल, विदिशा, राजगढ़, हरदा, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, इंदौर, खरगोन, शाजापुर, आगर-मालवा, रीवा, जबलपुर, बालाघाट, कटनी, सीधी, उमरिया, सिंगरौली, मुरैना, टीकमगढ़, अशोकनगर, सागर और दमोह में ऑनलाइन रजिस्टर्ड पात्र उम्मीदवारों की भर्ती रैली होगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया रैली शुरू होने के 45 दिन पहले शुरू होगी और 15 दिन पहले खत्म हो जायेगी। रक्षा मंत्रालय द्वारा भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण को मंजूरी दे दी गई है। इसमें उम्मीदवारों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद भर्ती रैली स्थान पर निर्धारित दिन बुलाकर उनकी शारीरिक क्षमता, दस्तावेज और चिकित्सा जाँच की जायेगी। इसके बाद मेडिकल पास उम्मीदवारों को कामन इन्ट्रेंस एक्जाम के लिये बुलाया जायेगा।

अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति प्रक्रिया हुई सरल
अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिये राहतभरी खबर है। अब उन्हें अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजनाओं में लगने वाले कागजात- आय प्रमाण-पत्र, समुदाय घोषणा, अंक-सूची आदि के सत्यापन-प्रमाणन के लिये भटकना नहीं पड़ेगा। शैक्षणिक सत्र 2015-16 में अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजनाओं के लिये स्व-घोषणा/स्व-प्रमाणन/स्वयं सत्यापित प्रमाण-पत्रों को स्वीकार किया जायेगा। इस संबंध में निर्देश जारी कर दिये गये हैं। स्व-प्रमाणन और सत्यापन के लिये आवश्यक फार्मेट भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की वेबसाइट www.minorityaffairs.gov.in पर और राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध है।

कोई टिप्पणी नहीं: