पिछले लोकसभा चुनाव में रोड शो के दौरान सरकारी आदेश की अवहेलना करने के मामले में लंबित मुकदमें में आज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने व्यक्तिगत पेशी से माफी की याचिका दाखिल की। पटना के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अतुल सिन्हा की अदालत में राजद अध्यक्ष के वकील सुधीर कुमार सिन्हा और डा़ संजय की ओर से दाखिल की गयी याचिका में कहा गया है कि श्री यादव एक राजनीतिक दल के प्रमुख है और राजनीतिक क्रियाकलापों में देश के विभिन्न भागों में व्यस्त रहने के कारण न्यायालय में प्रत्येक तिथि पर उपस्थित होने में असमर्थ हैं। याचिका में अपने वकील के माध्यम से मुकदमा लड़ने की अनुमति देने की प्रार्थना की गयी है। श्री यादव के वकील की प्रार्थना पर अदालत ने याचिका पर सुनवाई के लिए 28 अगस्त 2015 की तिथि निश्चित की है।
मामला वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान पटना के बलमीचक से फुलवारीशरीफ तक श्री यादव के हुए रोड शो के दौरान परसा बाजार थाना क्षेत्र में सरकारी वीडियोग्राफर को राजद अध्यक्ष के इशारे पर वीडियोग्राफी में बाधा पहुंचाने का है। इस संबंध में परसा बाजार थाना में अप्रैल 2014 को एक मामला दर्ज कराया गया था। आरोप पत्र दाखिल होने के बाद अदालत ने श्री यादव के खिलाफ सम्मन जारी किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें