राज्यसभा के उपसभापति पी जे कुरियन ने आज कहा कि किसानों से जुड़े एक सवाल के जवाब को लेकर कुछ सदस्यों द्वारा कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया गया है जो विचाराधीन है।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की ललित मोदी प्रकरण में उन पर लगाये जा रहे आरोपों की जवाबी प्रतिक्रिया पर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विशेषाधिकार हनन को लेकर चल रही तीखी नोक झोक के बीच जनता दल यू के के.सी. त्यागी ने कहा कि कृषि मंत्री ने भी विशेषाधिकार का हनन किया है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री ने एक सवाल के लिखित जवाब में कहा था कि किसानों की आत्महत्या का कारण प्रेम प्रसंग और उनका नपुंसक होना है। श्री त्यागी ने कहा कि इससे उनकी और उनके किसान समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। श्री राधा मोहन को सदन में बुलाकर पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने किसानों के बारे में असंवेदनशील शब्दों का इस्तेमाल क्यों किया।
समाजवादी पार्टी के नरेश अग्रवाल ने भी इस बारे में अपने नोटिस का हवाला देते हुए कहा कि इस गैर जिम्मेदाराना जवाब के लिए कृषि मंत्री को सदन में आकर माफी मांगनी चाहिए। इस पर श्री कुरियन ने कहा कि सदस्यों के इस आशय के नोटिस मिले हैं और सभापति इन पर विचार कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्री ने किसानों की आत्महत्या के बारे में पूछे गये एक सवाल के लिखित जवाब में कहा था कि किसानों की आत्महत्या के कारणों में प्रेम प्रसंग और नपुंसकता भी शामिल है। उनके इस जवाब की राजनीतिक दलों और संगठनों ने आलोचना की थी और इसे लेकर विवाद भी चल रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें