भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि यदि बिहार के लोगों ने इस बार सही फैसला नहीं लिया तो राज्य विकास की पटरी से उतर जायेगा । श्री शाह ने यहां स्थानीय दैनिक की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कहा कि देश में जहां भी भाजपा की सरकार बनी है वहां खूब तरक्की हुई है और अब फैसला बिहार को करना है । उन्होंने कहा कि इस बार का विधानसभा चुनाव बिहार के पांच साल का ही भविष्य तय नहीं करेगा बल्कि आने वाले 15 सालों तक बिहार कैसे चलेगा यह तय होगा। इसलिए इस बार बिहार के लोग सही फैसला करने में विफल रहे तो राज्य विकास की पटरी से उतर जायेगा । भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गोवा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ जाकर देख लें या वहां रहने वाले बिहार के लोगों से पूछ लें । भाजपा की सरकार ने वहां की तस्वीर बदल दी है । भाजपा शासित राज्यों में गरीबों की स्थिति में सुधार हुआ है और अमीरी-गरीबी का फर्क मिटा है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने 15 साल श्री लालू प्रसाद यादव और 10 साल श्री नीतीश कुमार को मौका दिया। इस बार वे भाजपा को मौका देकर देखें. भाजपा बिहार की तस्वीर बदल देगी।
श्री शाह ने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने जेपी और कर्पूरी ठाकुर के सिद्धांतों को छोड़ दिया है । वे अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के यहां जाकर हाजिरी लगा रहे हैं इससे जेपी और कर्पूरी ठाकुर की आत्मा को दुख पहुंचा होगा । उन्होंने कहा कि समाजवाद का आंदोलन अब परिवार को आगे बढ़ाने तक सीमित रह गया है । वहीं दूसरी ओर भाजपा ने सबको आगे बढने का मौका दिया है । भाजपा नेता ने श्री नीतीश कुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो लोग बहुत काम करने का दावा करते हैं उनसे पूछा जाना चाहिए कि किसके दम पर किया । जब तक भाजपा के 90 विधायक साथ थे तब तब बिहार का विकास हुआ लेकिन सरकार से उसके अलग होते हीं अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ गया। गांवों में मात्र 12 घंटे और जिला मुख्यालयों में 15 घंटे बिजली रहती है। उन्होंने कहा कि अब वे सपना दिखा रहे हैं कि उनके नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन :संप्रग: हीं बिहार का विकास कर सकता है लेकिन लोग जानते हैं कि बिहार में विकास 15 साल का जंगल राज देने वाले श्री लालू प्रसाद यादव और 10 साल भ्रष्ट संप्रग सरकार चलाने वाली कांग्रेस के साथ नहीं हो सकता है।
श्री शाह ने कहा कि जब भाजपा श्री कुमार के साथ थी तब वह संप्रदायिक नहीं थी, आज संप्रदायिक हो गयी है। श्री कुमार प्रधानमंत्री नहीं बन सके तो भाजपा पर लांछन लगाने लगे और 20 सालों तक जिसके खिलाफ थे आज उसी के साथ हो गये हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव का मुद्दा विकास हीं होना चाहिए । यह बिहार के हित में है । अब लोगों को ही ध्यान देना होगा कि चुनाव मुद्दों से भटक न जाए।
इसी कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार के श्री लालू प्रसाद यादव को सत्ता से हटाने के लिए भाजपा और जनता दल यूनाइटेड :जदयू: ने गठबंधन बनाया था और वर्ष 2005 में उस गठबंधन को बहुमत मिला था । पांच साल अच्छा काम हुआ तो लोगों ने अपार बहुमत से दोबारा सरकार बनाने का मौका दिया लेकिन श्री नीतीश कुमार ने इस जनादेश का भी सम्मान नहीं किया और उसके साथ गठबंधन कर लिया जिसको सत्ता में आने से रोकने के लिए वह वोट मांगते थे । श्री मोदी ने कहा कि अब तक सत्ताधारी दल के खिलाफ विपक्ष एकजुट होता रहा है, लेकिन बिहार में विपक्ष के खिलाफ सत्ताधारी एकजुट हुआ है। पहली बार बिहार में विपक्ष को रोकने के लिए गठबंधन बना है । इससे पहले सत्ता में बैठे लोगों को रोकने के लिए गठबंधन बनता रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवसरवादी गठबंधन है या नहीं, यह जनता हीं तय करेगी। भाजपा नेता ने कहा कि बिहार में 15 साल जिसे जंगलराज कहा जाता है, उसमे पांच साल कांग्रेस भी शामिल थी । उस सरकार में उसके एक विधायक विधानसभा अध्यक्ष और अन्य सभी विधायक मंत्री बन गये थे । उन्होंने कहा कि आज श्री कुमार उन्हीं लोगों का साथ लेकर राज्य में सुशासन और विकास का सपना दिखा रहे हैं लेकिन जनता उनपर भरोसा नहीं करने वाली है । जनता ने भाजपा को मौका देने का मन बना लिया है ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें