खूंटी के दुलमी जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में घायल रांची के एसएसपी प्रभात कुमार, अंगरक्षक फैजल और शहीद चालक रुमुल सेवइया को राज्य सरकार राजकीय शौर्य सम्मान से सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस पर सहमति दे दी है। सीएम ने राष्ट्रपति पदक की अनुंशसा की है। इसकी सिफारिश शीघ्र ही केंद्र सरकार को दी जाएगी।
शहीद की पत्नी को नौकरी, आवास : मुख्यमंत्री ने शहीद ड्राइवर रुमुल सेवइया की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की भी घोषणा की। साथ ही उन्हें शहीद के नाम पर आवास आवंटित करने का आदेश भी दिया है। घायल अंगरक्षक फैजल को पदोन्नति देकर हेड कांस्टेबल बनाया जाएगा। एसएसपी और अंगरक्षक के इलाज पर होने वाला सारा खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा है कि एसएसपी और उनके अंगरक्षक के इलाज में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए।
अस्पताल भी गए सीएम : मुख्यमंत्री बुधवार की सुबह मेडिका अस्पताल पहुंचे। उन्होंने एसएसपी और अंगरक्षक का हालचाल लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलियों के कारण ही राज्य का सम्मान और विकास प्रभावित हो रहा है। सरकार नक्सलियों का सफाया करने को कृतसंकल्प है। शहीद की अंत्येष्टि: शहीद रुमुल सेवाइया की अंत्येष्टि बुधवार को उनके पैतृक गांव चाईबासा के मंझारी में किया गया। इससे पहले रांची पुलिस लाइन में उन्हें अंतिम सलामी दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें