पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज से मिलने आज यहां पहुंचे कश्मीरी अलगाववादी नेता शबीर शाह को दिल्ली पुलिस में हिरासत में ले लिया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियो ने बताया कि केन्द्र सरकार नहीं चाहती कि श्री अजीज हुर्रियत नेताओं से मिले इसलिए उन्हें हिरासत में लिया गया है। श्री अजीज का राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ वार्ता करने के लिए रविवार को यहां पहुंचने का कार्यक्रम है। कट्टरपंथी हुर्रियत कांफ्रेंस (एचसी)के नेता सैयद अली शाह गिलानी को सोमवार को यहां पहुंचना है जबकि एचसी के नरमपंथी धड़े के नेता मीरवाइज उमर फारूक और उनके समर्थकों के कल दिल्ली पहुंचने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट(जेकेएलएफ) के प्रतिनिधि भी आज दिल्ली पहुंचेंगे।
शबीर शाह ने संवाददाताओं से कहा “हम पहली बार पाकिस्तानी नेता से मिलने नहीं जा रहे हैं जिसे लेकर दिल्ली में भ्रम है। हमने अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के समय भी बातचीत की थी। पाकिस्तान के अधिकारी हमेशा हमसे बात करते हैं और परामर्श लेते हैं। श्री वाजपेयी और मनमोहन सिंह की सरकार ने तब हमें बातचीत की मंजूरी दी थी।” जम्मू-कश्मीर सरकार ने अलगाववादी नेताओं को बातचीत के लिए दिल्ली जाने की इजाजत दे दी है। नयी दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने श्री अजीज से मुलाकात के लिए शाह समेत सभी अलगाववादी नेताओं को निमंत्रण भेजा था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें