मनीला 19 नवंबर, अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने आज कहा कि सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल असद के सत्ता में रहते हुए वहां जारी गृहयुद्ध को खत्म करना या इस संकट का राजनीतिक हल निकालना संभव नहीं है। यहां हो रहे एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन से इतर श्री ओबामा ने पत्रकारों से कहा कि राष्ट्रपति असद के सत्ता में रहते हुए सीरिया संकट का कोई समाधान निकालना संभव नहीं है और यह वह सच्चाई है जिसे स्वीकारने में रूस , ईरान और सीरिया के शासक वर्ग को अभी कुछ समय और लग सकता है। उन्होंने कहा कि रूस और ईरान इस्लामिक स्टेट को एक बड़ा खतरा मानते हैं लेकिन रूस सीरिया में जिस तरह से काम कर रहा है उससे राष्ट्रपति असद को बड़ी सहायता मिल रही है।
रूस ने सीरिया में सितम्बर के अंत में हमले शुरू किये थे । रूस का हमेशा से यह कहना रहा है कि वह आईएस के आतंकवादियों को निशाना बनाकर हमले कर रहा है लेकिन उसके अभी तक के हमले ज्यादातर उन इलाकों में किये गये, जहां राष्ट्रपति असद का विद्रोह करने वाले लड़ाकों की पकड़ मजबूत थी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा, “ हम क्यूबा स्थित ग्वांतानामो बे जेल को बंद कर सकते हैं लेकिन पेरिस में आतंकवादी हमलों के बाद जाे हालात बने हैं ,उसके मद्देनजर हमें कांग्रेस के भारी विरोध का सामना करना पड़ सकता है।”

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें