पटना,07 नवम्बर, बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिये पांच चरणों में हुए चुनाव की कल सुबह आठ बजे से शुरु होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर लक्ष्मणन ने आज यहां बताया कि राज्य के 38 जिलों में 39 मतगणना केन्द्रों पर मतों की गिनती कल सुबह आठ बजे से शुरु की जायेगी। इसके लिए सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने बताया कि सभी मतगणना केन्द्रों पर कुल 14 काउंटिंग टेबुल लगायी गयी हैं । डाक मत पत्रों की गिनती पहले की जायेगी जिसके लिए एक काउंटिंग टेबुल अलग से लगायी गयी है । श्री लक्ष्मणन ने बताया कि आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक मतगणना केन्द्रों का औचक निरीक्षण करेंगे ।ये पर्यवेक्षक मतगणना प्रक्रिया की जांच भी करेंगे ।अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग द्वारा जारी पहचान पत्र रखने वाले व्यक्ति को ही मतगणना केन्द्र में प्रवेश करने दिया जायेगा । सभी मतगणना केन्द्रों पर मीडिया कर्मियों के लिये अलग से मीडिया केन्द्र भी स्थापित किये गये हैं जहां संवाददाताओं को मतगणना की ताजा जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतगणना केन्द्रों के बाहर एक विशाल डिस्प्ले स्क्रीन लगाया है जिस पर मतगणना की ताजा स्थिति की जानकारी समय-समय पर प्रदर्शित की जाती रहेगी । चुनाव नतीजों की घोषणा दूरदर्शन और आकाशवाणी के विशेष बुलेटिनों से भी की जायेगी । श्री लक्ष्मणन ने बताया कि मतगणना केन्द्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की कुल 82 कंपनियां तैनात की गयी हैं । उन्होंने बताया कि इसके अलावा मतगणना केन्द्रों के बाहर कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया जायेगा । सुरक्षा के मद्देनजर से सभी मतगणना केन्द्रों से 200 मीटर की दूरी पर बैरीकेड्स लगाये गये हैं जिसके आगे जाने की अनुमति किसी को नहीं दी जायेगी । अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में चुनाव नतीजे घोषित किये जाने के बाद किसी तरह का उपद्रव न होने देना सुनिश्चित करें । उन्होंने बताया कि गड़बड़ी करने वाले व्यक्ति के साथ सख्ती से निपटा जायेगा ।मतगणना केन्द्रों से 200 मीटर की दूरी तक आज रात से ही धारा 144 लागू कर दी जायेगी जो मतगणना की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी । गौरतलब है कि विधानसभा की 243 सीटों के लिए पांच चरणों में 12,16,28 अक्टूबर और एक तथा पांच नवम्बर को चुनाव कराये गये हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें