पटना 20 नवम्बर, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को मिली जीत ऐतिहासिक है तथा इससे देश को नयी दिशा मिलेगी । श्री गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके 28 सदस्यीय मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सीधे पार्टी कार्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी कार्यकारिणी के सदस्यों , पार्टी पदाधिकारियों , नवनिर्वाचित विधायकों , जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और मोर्चा संगठनों तथा प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक जीत में कांग्रेस,जनता दल यूनाईटेड:जदयू: और राष्ट्रीय जनता दल :राजद : ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है तथा इसमें तीनों दलों का योगदान बराबर है । कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में चुनाव की आहट मिलते ही उन्होंने तथा पार्टी के बिहार प्रभारियों ने राज्य के कोने-कोने से कार्यकर्ताओं की राय ली तथा उसके बाद ही तीन दलों का महागठबंधन बना । उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी और अधिक जगहों पर विजयी होती तो और अधिक मंत्री कांग्रेस कोटे से बनते।
श्री गांधी ने कहा कि युवाओं के साथ कांग्रेस पार्टी में बुजुर्ग नेताओं के साथ ताल-मेल बैठाकर ही कार्य करना है। उन्होंने कहा कि उनके दरवाजे कार्यकर्ताओं के लिये हमेशा खुले हैं। राज्य मंत्रिमंडल में शामिल कांग्रेस के मंत्रियों को बधाई देते हुए श्री गांधी ने कहा कि उनकी जिम्मेवारी बहुत बढ़ गयी है । उन्होंने कहा कि वे केवल अपने क्षेत्र के मंत्री नहीं बने हैं , बल्कि सारे मंत्री पूरे राज्य के मंत्री हैं । उन्होंने कहा कि सभी मंत्री राज्य की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चैधरी ने कहा कि इस बार के चुनाव में 18 ऐसे विधायक हैं, जो 32 से 40 वर्ष के बीच के हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने हमेशा श्री गांधी के दिशा-निर्देश का पालन किया है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी महागठबन्धन के सूत्रधार हैं और इनके अथक प्रयास एवं मेहनत से महागठबंधन को इतनी बड़ी सफलता मिली है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें