पटना 21 नवम्बर, बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की आज हुई बैठक में पार्टी ने विपक्ष की सकारात्मक भूमिका निभाते हुए जनहित की योजनाओं के कार्यान्वयन पर कड़ी निगरानी रखने और जनाकांक्षाओं को पूरा करने के लिये बेहतर तरीके से जनता के करीब रहने का निर्णय लिया । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों की यहां हुई बैठक में लिए गये निर्णयों की जानकारी देते हुए मुख्य प्रवक्ता विनोद नारायण झा ने बताया कि बैठक में तय हुआ कि पार्टी सरकार के कार्यो पर कड़ी निगरानी रखेगी ताकि सरकार बेहतर तरीके से जनता की आकांक्षाओं को पूरा कर सके और जन कल्याणकारी कार्यो को जनता तक पहुंचा सके । इसके लिये सदन के भीतर और बाहर सरकार पर दबाव बनाये रखा जायेगा ।
श्री झा ने बताया कि बैठक में विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों को मिले जनादेश के प्रति आभार प्रकट करते हुये कहा गया कि वोटरों का जुड़ाव पार्टी की अमूल्य निधि है ।पार्टी इसे हर हाल में अक्षुण्ण रखते हुए इसमें मजबूती लायेगी । उन्होंने बताया कि बैठक में पार्टी के अगले दो माह के कार्यक्रमों की रूप-रेखा पर विचार विमर्श किया गया और इसकी विस्तृत योजना बनायी गयी । अब 22 नवम्बर को जिलाध्यक्षों की होने वाली बैठक में इसे अंतिम रूप दिया जायेगा । भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी , वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव ,प्रदेश संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे । बैठक के प्रारंभ में विश्व हिन्दू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष अशोक सिंघल के निधन पर शोक व्यक्त किया गया और दो मिनट का मौन धारण कर उनके प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें