चेन्नई,11 नवंबर, देश के नवीनतम संचार उपग्रह जीसैट-15 का आज तड़के फ्रेंच गुएना के कौरू से सफल प्रक्षेपण किया गया। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि तीन हजार 164 किलोग्राम वजन वाले इस उपग्रह को एरिएन-5 वीए-227 प्रक्षेपण यान के जरिए प्रक्षेपित किया गया। तय समयानुसार तड़के तीन बज कर चार मिनट पर एरिएन-5 ने उड़ान भरी। 43 मिनट और 24 सेेकंड की उड़ान के पश्चात जीसैट-15 प्रक्षेपण यान के प्रथम चरण से अलग हो कर निर्दिष्ट कक्षा में स्थापित हाे गया। प्रथम चरण के पूरा होते ही कर्नाटक के हासन स्थित इसरो के मास्टर कंट्रोल फैसिलिटी(एमसीएफ) ने जीसैट-15 का कंट्रोल संभाल लिया।
यात्रा के प्रारंभिक चरण में उपग्रह की स्थिति ठीक होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। आने वाले दिनों में उपग्रह को ऊपर की कक्षा में स्थापित कराया जाएगा। बयान में कहा गया है कि प्रक्षेपण के सभी चरण पूर्ण होने के बाद उपग्रह काम करना शुरू कर देगा। एरिएनस्पेस ने इसरो के लिए यह 19 वां उपग्रह प्रक्षेपित किया है। यह उपग्रह देश को दूरसंचार सेवा के साथ ही समर्पित मार्गनिर्देशक सहायता और आपातसेवा प्रदान करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें