अमेरिका में खेलना एक लाजवाब अनुभव : सचिन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 15 नवंबर 2015

अमेरिका में खेलना एक लाजवाब अनुभव : सचिन

cricket-in-usa-great-experience-sachin-tendulkar
लॉस एंजेलिस, 15 नवंबर, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ावा देने की मुहिम के तहत यहां खेले गये ऑल स्टार्स क्रिकेट टूर्नामेंट को लाजवाब और सफल टूर्नामेंट करार देते हुये इसे एक खास अनुभव बताया। महान दिग्गज और पूर्व लेग स्पिनर शेन वार्न की कप्तानी वाली वार्न वॉरियर्स टीम के हाथों उनकी टीम सचिन ब्लास्टर्स को हार का सामना करना पड़ा और उन्होंने सीरीज 0-3 से गंवा दी। सीरीज के शुरुआती दो मैच पहले ही गंवा चुकी सचिन की टीम को इस मैच में 219 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने के बावजूद रोमांचक हार से रूबरू होना पड़ा। सचिन ने कहा कि नये टूर्नामेंट के दौरान पुराने दिग्गज खिलाड़ियों को एक बार फिर मैदान में पुरानी लय में खेलते देखना वाकई सुखद अहसास रहा। इन शीर्ष खिलाड़ियों को दर्शकों का भी भरपूर समर्थन मिला जो लाजवाब रहा। सीरीज के अंतिम मैच में 47 रन की पारी खेलने वाले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व धुरंधर जैक्स कैलिस को ‘मैन आफ द मैच’ मिला वहीं हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले श्रीलंकाई दिग्गज विकेटकीपर को टूर्नामेंट में शानदार खेल के लिये ‘मैन आफ द सीरीज’ से नवाजा गया।

सचिन ने मैच के बाद कहा, “यह एक शानदार मुकाबला था। हमने दो सौ से ज्यादा का लक्ष्य दिया था जो निश्चित रूप से एक अच्छा स्कोर कहा जा सकता है पर रिकी, कैलिस और संगकारा ने गजब की जुझारू क्षमता दिखाते हुये इस लक्ष्य को भी आसान बना दिया। इन पूर्व शीर्ष खिलाड़ियों को पुरानी लय में बल्लेबाजी करना वाकई सुखद रहा।” इस मैच में खुद 56 रन की पारी खेलने वाले सचिन ने कहा, “दिग्गज खिलाड़ियों की इन तूफानी पारियों को देखकर लगता है कि लक्ष्य में 15 से 20 रनों की कमी रह गयी। यदि लक्ष्य में कुछ रन और होते तो शायद मैच और रोमांचक रहता। इन सबके बावजूद टूर्नामेंट की सफलता हमारे लिये ज्यादा महत्वपूर्ण थी और मुझे खुशी है कि हम यहां अच्छी यादों के साथ वापस जा रहे हैं। मैं यहां के खेल प्रशंसकों काे उनके अपार समर्थन के लिये धन्यवाद देना चाहूंगा।” सचिन ने कहा,“ मैच के दौरान समर्थकों के उत्साह से साफ दिखता है कि उन्होंने क्रिकेट के इस फटाफट प्रारूप का जमकर लुत्फ उठाया जो यहां क्रिकेट के भविष्य के लिये एक सकारात्मक संकेत है। मैं वार्न और उनकी पूरी टीम को भी सीरीज में जीत हासिल करने के लिये बधाई देता हूं।” 

कोई टिप्पणी नहीं: