अन्ताल्या 15 नंवबर(वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी ने संपूर्ण मानवता से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हाेने की अपील करते हुए आज कहा कि ब्रिक्स देशों के लिए आतंक के विरुद्ध संघर्ष शीर्ष प्राथमिकता होनी चाहिए। श्री मोदी ने यहां ब्राजील, रुस, चीन, भारत और दक्षिण अफ्रीका (ब्रिक्स) देशों के प्रमुखों की बैठक में कहा कि ब्रिक्स देश एक स्वर में पेरिस में हुए बर्बर आतंकवादी की कार्रवाई की निंदा करते हैं। कुछ दिनों पहले सिनाई प्रायद्वीप में रुसी विमान हादसे में जान माल की नुकसान पर दुख प्रकट करते हुए श्री मोदी ने रुस से सहानुभूति जताई। उन्होंने कहा कि अंकारा और बेरुत में हमले भी बढ़ते आतंकवाद के सबूत है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण मानवता काे आतंकवाद के खिलाफ के एकजुटता से खडा हो जाना चाहिए। आतंकवाद के विरुद्ध एकजुटता से वैश्विक प्रयास करने का समय आ गया है। उन्हाेंने कहा, ‘‘ ब्रिक्स देशों की भी यही प्राथमिकता होनी चाहिए।’
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग,रुस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा, ब्राजील की राष्ट्रपति डिल्मा रौसेफ ने हिस्सा लिया। ब्रिक्स की महत्ता का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि एक समय था जब ब्रिक्स के औचित्य और क्षमता पर सवाल उठाए जाते थे। ब्रिक्स ने अपनी सक्रियता के जरिए अपनी प्रासंगिकता अौर मूल्यों को स्थापित किया हैं और यह एसे समय में हुआ है जब विश्व बडी चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होेंने ब्रिक्स नेताओं से कहा, ‘न्यू डेवलपमेंट बैंक, करेंसी रिजर्व अरेंजमेंट (मुद्रा प्रबंधन) और ब्रिक्स देशों के लिए आर्थिक सहयोग की रणनीति- हमारे संकल्प और दृष्टिकोण के स्पष्ट साक्ष्य है। हम मिलकर जी- 20 को भी नया रुप दे सकते हैं।’
भारत द्वारा एक फरवरी 2016 से ब्रिक्स की अध्यक्षता ग्रहण करने पर सम्मान जताते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत की ब्रिक्स को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि भारत अपने कार्यकाल के दौरान सदस्य राष्ट्रों के कार्यों को आगे बढाएगा। श्री मोदी ने ब्रिक्स बैठक के अायोजन के लिए श्री पुतिन को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने रुसी राष्ट्रपति के साथ मुलाकात भी की। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स की अध्यक्षता के लिए भारत का मुख्य विषय ‘ उत्तरदायित्व निर्माण, समग्र एवं सामूहिक समाधान’ होगा। यह ब्रिक्स के मूल्यों को प्रतिबंबित करेगा।
श्री मोदी ने चीन को जी -20 में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। चीन अगले महीने जी -20 के अध्यक्ष का पदभार संभालेगा। श्री मोदी अपनी पांच दिन की विदेश यात्रा के दूसरे और अंतिम चरण में कल देर रात तुर्की पहुंचे। वह यहां जी 20 की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। ब्रिक्स देशों की यह बैठक जी 20 की शिखर बैठक के दौरान अलग से हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें