नयी दिल्ली, 19 नवंबर, कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को चौरासी के सिख दंगों के लिए दोषी मानते हुए उनसे भारत रत्न वापस लेने की मांग पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आज इस तरह की मांग को सिख समुदाय का अपमान करार दिया। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं और उसमें सिख समुदाय को भी शामिल कर रहे हैं। 1984 के दंगों पर देश के प्रधानमंत्री के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने माफी मांगी और कई कांग्रेसी नेताओं की राजनीति का इस घटना के कारण अंत हुआ है इसलिए इस घटना पर सस्ती राजनीति करके राजनीतिक लाभ अर्जित करने की कोशिश सिख समुदाय का अपमान है।
उन्होंने इस बयान को अत्यंत दुर्भाग्य बताया और कहा कि यह बयान औछेपन की पराकाष्ठा है और इस तरह के बयानों की भर्त्सना की जानी चाहिए। प्रवक्ता ने कहा कि जिन व्यक्तियों ने ये आरोप लगाये हैं उनमें से एक आम आदमी पार्टी पदाधिकारी थे और दूसरे भाजपा के प्रवक्ता हैं। उन्होंने कहा कि यह दोनों लोग सिखों के हितैषी नहीं हैं बल्कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए राजनीति कर रहे हैं। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के नेता और वकील एच एस फुल्का ने चौरासी के सिख दंगों के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को जिम्मेदार ठहराते हुए 1984 के दंगों की 31वीं बरसी पर आज उन्हें दिया गया भारत रत्न सम्मान वापस लेने की मांग की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें