राहुल ने दी खुली चुनौती, भाजपा ने किया पलटवार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 19 नवंबर 2015

राहुल ने दी खुली चुनौती, भाजपा ने किया पलटवार

rahul-challenge-to-modi
नयी दिल्ली, 19 नवंबर, भारतीय जनता पार्टी की आेर से लगे दोहरी नागरिकता के आरोप पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जांच की खुली चुनौती देने से दोनों दलों के बीच तलवारें खिंच गयी हैं जिससे अगले सप्ताह शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में होने वाले घमासान का आभास मिलता है। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी शिकस्त से उत्साहित श्री गांधी ने आज श्री मोदी को खुली चुनौती देते हुये कहा कि वह अपने लोगों से उनके और उनके परिवार के विरुद्ध कीचड़ फिंकवाना बंद करायें क्योंकि वह इससे डरने वाले नहीं है। श्री मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं उनके पास तमाम जांच एजेंसियां है। वह उनके विरुद्ध जांच करायें और उनके विरुद्ध कुछ मिलता है तो उन्हें जेल में डाल दें। 

श्री गांधी की चुनाैती के तुरंत बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती नहीं दें क्योंकि बहुत सारे मामलों की जांच पहले ही चल रही है। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि श्री गांधी के बयान से यह साबित होता है कि कांग्रेस के नेता जिस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं, उसमें उनकी सहमति है। श्री हुसैन ने कहा कि कई मामलों में पहले ही जांच चल रही है। टू जी स्पेक्ट्रम, कोयला घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला और रॉबर्ट वाड्रा जमीन घोटाला मामले में जांच चल रही है। श्री गांधी हमें चुनौती न दें। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर युवक कांग्रेस के एक समारोह में श्री गांधी ने ब्रिटिश नागरिकता के सवाल पर उनकी जांच कराने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधी चुनौती देते हुए आज कहा कि वह आरोपों से डरने वाले नहीं हैं और गरीबों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। श्री मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और सभी संस्थाएं उनके पास हैं। वह उनके खिलाफ जांच करा लें और यदि वह दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें जेल में डलवा दें। 

उन्होंने भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी का नाम लिए बिना कहा कि श्री मोदी अपने लोगों से उनके तथा उनके परिवार के सदस्यों पर कीचड़ उछलवा रहे हैं और इससे वह डरने वाले नहीं हैं। श्री गांधी ने कहा “माेदी जी सुन लो, मैं आप से जरा भी नहीं डरता।” इस बीच अहमदाबाद में वरिष्ठ भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने फिर दावा किया कि गांधी परिवार ने विदेशी बैंकों में 40 अरब अमरीकी डॉलर अथवा लगभग ढाई लाख करोड रुपये की संपत्ति जमा की हुई है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘राहुल एक राजनेता से अधिक कमीशन एजेंट हैं। वह एक पर्यटक की तरह भारत में राजनीति करते हैं तथा अधिकांश समय अपने तथा अपने परिवार की कंपनियों के कमीशन एजेंट के तौर पर बिताते हैं। 

उनकी राजनीति का मकसद पैसे कमाना है। गांधी परिवार (सोनिया राहुल और प्रियंका) ने विदेशों में ढाई लाख करोड रुपये की सपंत्ति जमा कर रखी है, जो देश के एक साल के कुल आयकर राजस्व से भी अधिक है। ’ प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस और सत्तारूढ़ भाजपा के बीच तल्ख टिप्पणियां तेज होने से अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन अधिवेशन के सुचारू रूप से चलने की संभावनाओं को लेकर संशय की स्थिति पैदा हो गई है। बिहार विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद भाजपा के लिये चुनौतियां बढ़ गई हैं और यह माना जा रहा है कि सरकार के लिये संसद को सुचारु रूप से चलवा पाना टेढ़ी खीर हो सकता है। श्री गांधी की कथित ब्रिटिश नागरिकता का मुद्दे से सत्तापक्ष और विपक्ष खासतौर से कांग्रेस के बीच तलवार खिंच गई हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: