लालगंज घटना की न्यायिक जांच हो : पासवान - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 21 नवंबर 2015

लालगंज घटना की न्यायिक जांच हो : पासवान

lalganj-shuld-be-judicial-investigation-paswan
पटना 21 नवम्बर, केन्द्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने बिहार में वैशाली जिले के लालगंज की घटना को प्रशासनिक चूक बताते हुए राज्य सरकार से न्यायिक जांच कराने की मांग की है । श्री पासवान ने भारतीय जनता पार्टी :भाजपा: के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के साथ आज अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर से लगे वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में 17-18 नवम्बर की घटनाओं में मारे गये लोगों के परिजनों से भेंट कर लौटने के बाद यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक वाहन चालक की गलती से लालगंज के निकट श्री राजेन्द्र चौधरी और उसकी पोती माया कुमारी की मौके पर ही कुचल कर मौत हो गयी थी । इसके बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटायी कर दी । 

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इसी दौरान कुछ अन्य लोगों ने एक घर में तोड़-फोड़ करने के बाद आग लगा दी । इस घटना को लेकर देखते ही देखते लालगंज में तनाव की स्थिति उतपन्न हो गयी । उन्होंने कहा कि घटना के बाद गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस ने संभवत: एक पक्षीय कार्रवाई की जिसके कारण स्थानीय पुलिस पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा । श्री पासवान ने कहा कि गांव में स्थिति को नियंत्रित करने गयी पुलिस पर भी लोगों ने पथराव किया गया और दारोगा अजित कुमार सिंह को पीट-पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिसकी बाद में मौत गयी । लोगों को नियंत्रित करने के लिये पुलिस ने पहले न तो लाठीचार्ज किया गया और न ही हवाई फायरिंग की गयी ।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने लोगों को तितर-बितर करने के लिये फायरिंग की जिससे 16 वर्षीय विशाल की मौत हो गयी । केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन की ओर से यदि तत्काल कार्रवाई की गयी होती तो इस घटना को टाला जा सकता था । घटना के बाद स्थानीय प्रशासन को बगैर किसी राजनीतिक दवाब के निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए । उन्होंने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में लालगंज क्षेत्र से लोजपा प्रत्याशी राजकुमार की जीत हुयी है जिसके कारण इस मामले में निर्दोष लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है । इस तरह की कार्रवाई स्थानीय प्रशासन को नहीं करनी चाहिए और इससे लोग और उत्तेजित होंगे । 

श्री पासवान ने राज्य सरकार से इस मामले की न्यायिक जांच कराये जाने के साथ ही मृतक के परिजनों को 25-25 लाख रूपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है । उन्होंने बिहार सरकार के अधिकारियों की ओर से इस मामले की जा रही जांच पर नाराजगी जतायी । उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य में विधि-व्यवस्था ठीक नहीं है इसलिये मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसकी समीक्षा बैठक कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि विधानसभा के चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर 28 नवम्बर को समीक्षा बैठक बुलायी गयी है । 

कोई टिप्पणी नहीं: