पटना 22 नवम्बर (वार्ता)अपने पुत्र और पहली बार विधायक बने तेज प्रताप यादव के मंत्री पद की शपथ के दौरान एक शब्द के गलत उच्चारण को लेकर उठे विवाद के बीच राष्ट्रीय जनता दल(राजद)अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा है कि उनके(नरेन्द्र मोदी)शपथ लेेने में एक शब्द का उच्चारण सही नहीं था इसलिए उन्हें दोबारा शपथ लेना चाहिए। श्री यादव ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा,“ देश को तोड़ने का इनका एजेंडा है ही क्योंकि प्रधानमंत्री ने देश की प्रभुता और अखण्डता को‘अक्षुण्ण’रखने की शपथ तो ली ही नहीं थी । उन्होंने अगले ट्वीट में कहा,‘अक्षुण्ण’ही नहीं बोला तो शपथ बेकार है। प्रधानमंत्री को दोबारा शपथ लेनी चाहिए। ‘अक्षण्ण’ का हिंदी में कोई शाब्दिक अर्थ नहीं है।”
इससे पूर्व बिहार के उप मुख्यमंत्री और श्री यादव के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव ने भी अपने बड़े भाई का ट्विटर के जरिए बचाव करते हुए कहा था कि निंदा करने वाले पक्षपाती लोग हमेशा सच्चाई से मुंह मोड़ते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि बिहार के महुआ विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने राजद अध्यक्ष के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव समेत शपथ ले रहे तीन विधायकों को राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने उनकी गलतियों के लिए न सिर्फ टोका बल्कि श्री तेज प्रताप को दुबारा शपथ भी दिलाई थी। श्री तेज प्रताप यादव ‘अपेक्षित’ के स्थान पर ‘उपेक्षित’ उच्चारण कर गये थे। उनकी इस गलती पर राज्यपाल ने उन्हें टोका और शपथपत्र दुबारा पढ़ने को कहा। श्री तेज प्रताप यादव ने अपनी गलती के लिए क्षमा मांगी और फिर दुबारा शपथपत्र पढ़ा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें