पटना,22 नवम्बर, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी(रालोसपा) ने हाल ही में सम्पन्न बिहार विधानसभा चुनाव में सासाराम से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के सांसद छेदी पासवान पर गठबंधन धर्म के विपरीत कार्य करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ भाजपा नेतृत्व से कार्रवाई करने का आग्रह किया है। रालोसपा के प्रदेश प्रवक्ता मनोज लाल दास ने आज यहां कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ललन पासवान ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को पत्र लिखकर श्री पासवान के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है।पत्र की प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार भाजपा के अध्यक्ष मंगल पाण्डेय को भी भेजी गयी है। उन्होंने कहा कि श्री पासवान ने अपने लोकसभा क्षेत्र के चेनारी विधानसभा सीट से उम्मीदवार पुत्र को विजय दिलवाने के लिए गठबंधन धर्म के विरुद्ध जाते हुए न केवल वोट मांगे बल्कि सांसद विकास निधि के धन का दुरुपयोग भी किया ।
श्री दास ने कहा कि श्री पासवान के कार्यों का पुख्ता सबूत उनके पास हैं और मांगे जाने पर तत्काल उपलब्ध करा दिये जायेंगे ।उन्होंने कहा कि यदि श्री पासवान के खिलाफ कार्रवाई न की गयी तो भविष्य में गठबंधन में शामिल दलों के कार्यकर्ता ऐसा ही कर सकते हैं जिसके दूरगामी परिणाम होंगे। गौरतलब है कि भाजपा,रालोसपा,लोक जनशक्ति पार्टी और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने गठबंधन कर बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ा था ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें