पटना 16 नवम्बर, बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार कई सांसद और पूर्व सांसदो के पुत्र विधायक बनने के इरादे से चुनावी मैदान में उतरे लेकिन उनमें से अधिकांश का सपना अधूरा रह गया । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा.सी.पी. ठाकुर के पुत्र और विधान पार्षद विवेक ठाकुर को बह्मपुर से भाजपा का टिकट दिया गया। पिछली बार इस सीट से भाजपा के दिग्गज नेता कैलाशपति मिश्र की बहू दिलमणि देवी ने चुनाव जीता था । श्री ठाकुर का मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शंभू नाथ यादव से था लेकिन विवेक ठाकुर को जीत मयस्सर नही हुयी । इसी तरह भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद अश्विनी चौबे के पुत्र अर्जित शास्वत को भागलपुर से भाजपा का टिकट मिला। वर्ष 2010 के चुनाव में अश्विनी चौबे ने भाजपा के टिकट पर भागलपुर से चुनाव लड़ा था और विजयी रहे थे । श्री चौबे के बक्सर से सांसद बनने के बाद में इस सीट पर हुये उपचुनाव में कांग्रेस के अजित शर्मा निर्वाचित हुये। अजीत शर्मा से इसी सीट से इस बार भी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और पहली बार चुनाव लड़ रहे अर्जित शास्वत को पराजित कर दिया ।
भाजपा सांसद हुकुमदेव नारायाण यादव के पुत्र अशोक यादव केवटी से चुनावी समर में फिर से अपनी किस्मत को आजमाया । केवटी सीट इस मायने में और भी महत्वपूर्ण थी कि जहां एक ओर अशोक यादव भाजपा से चुनाव लड़ रहे थे वहीं इसी सीट से राजद के टिकट पर पूर्व सांसद मोहम्मद अली असरफ फातमी के पुत्र मोहम्मद फराज आजमी चुनाव लड़ रहे थे। फराज फातमी पिछली बार अशोक यादव से 29 वोट के मामूली अंतर से चुनाव हार गये थे । इस बार श्री फातमी ने श्री यादव को पराजित कर दिया । भाजपा सांसद छेदी पासवान के पुत्र रवि पासवान समाजवादी पार्टी से चेनारी के टिकट पर चुनाव लड़ा। श्री पासवान का मुकाबला कांग्रेस के मंगत राम और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के ललन पासवान से था । ललन पासवान पिछली बार इस सीट से राजद के टिकट पर चुनाव हार गये थे ।इस बार ललन पासवान ने बाजी मार ली ।
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सांसद रामचन्द्र पासवान के पुत्र प्रिंस राज कल्याणपुर सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ा ।श्री राज का मुकाबला जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद माहेश्वर हजारी से था ।श्री हजारी और श्री राज रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं । श्री हजारी ने श्री राज को पराजित कर दिया । कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में लोजपा के सांसद चौधरी महबूब अली कैसर के पुत्र मो यूसूफ अली खान को लोजपा ने सिमरी बख्तियारपुर से टिकट दिया । हालांकि पिछले चुनाव में कैसर को इस सीट से हार का सामना करना पड़ा था। श्री खान का मुकाबला पूर्व सांसद और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रत्याशी दिनेश चंद यादव से था लेकिन वह उन्हें पराजित नही कर सके ।
पूर्व सांसद जनार्दन यादव के पुत्र मनोज यादव भाजपा के टिकट पर बेलहर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा जिनका मुकाबला जदयू प्रत्याशी और वर्ष 2010 के चुनाव में जीते गिरधारी यादव से था ।मनोज यादव जदयू प्रत्याशी गिरधारी यादव से पराजित हो गये । पूर्व सासंद उमा शंकर सिंह के पुत्र जितेन्द स्वामी दरौंधा से चुनावी मैदान में उतरे। श्री स्वामी का मुकाबला जदयू प्रत्याशी कविता सिंह से था । कविता सिंह पूर्व दिवंगत विधायक जगमातो देवी की बहू है ।कविता सिंह ने श्री स्वामी को पराजित कर दिया । इसी तरह हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) पार्टी से पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा ने घोसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें जदयू के कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा से हार का सामना करना पड़ा ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें