बमाको 20 नवम्बर, माली की राजधानी बमाको के रेडिसन ब्लू होटल पर इस्लामी बंदूकधारियों ने आज तड़के हमला करके 170 लोगों को बंधक बना लिया, जिनमें से तीन बंधकों की हत्या कर दी गई। एक वरिष्ठ सूरक्षा सूत्र और होटल के ऑपरेटर ने बताया कि बंदूकधारियों ने रेडिसन ब्लू होटल को निशाना बनाया है और यह होटल सरकारी मंत्रालयों और राजनयिक कार्यालयों के निकट स्थित है। बंदूकधारियों की पहचान या उनके संगठन की अभी पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि कुछ बंधकों को कुरान की आयतें पढ़ाये जाने के बाद छोड़ दिया गया। फ्रांसीसी समाचार पत्र ल मोंद ने माली के सुरक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि बंदूकधारियों ने कम से कम तीन बंधकों की हत्या कर दी। सुरक्षा सूत्र ने बताया कि 10 बंदूकधारियों ने होटल की इमारत पर हमला कर गोलीबारी की और अरबी भाषा में ‘अल्लाह हु अकबर’ के नारे लगाये। माली की विशेष सेना होटल में घुस गई है और बंधकों को छुड़ाने के लिए उन्होंने कार्रवाई शुरू कर दी है। सुरक्षा सूत्र ने बताया कि बंदूकधारी होटल इमारत की प्रत्येक मंजिल के प्रत्येक कमरे में गये और अब वे सातवीं मंजिल पर पहुंच गये हैं।
इस बीच, माली के राष्ट्रपति इब्राहीम बाउबाकर केइटा चाड की अपनी यात्रा को बीच में ही छोड़ कर आ रहे हैं। वह वहां एक क्षेत्रीय सम्मेलन में भाग लेने गये हुए है। चीन की सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ ने बताया कि इमारत के अन्दर कई चीनी पर्यटकों को भी बंधक बनाया गया है। होटल का संचालन करने वाली कंपनी ‘रेजिडर ग्रुप’ ने बताया कि दो बंदूकधारियों ने होटल पर हमला किया। एक रिपोर्ट के अनुसार दो लोगों ने होटल में मौजूद 140 लोगों और 30 कर्मचारियों को बंधक बना लिया। होटल की सुरक्षा में तैनात एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा कि इस हमले में दो निजी सुरक्षा गार्ड घायल हो गये। तुर्की एयरलाइन्स के सात सदस्यों को भी बंधक बनाया गया है, जिनमें से तीन को छुड़ा लिया गया है। तुर्की सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि अभी यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है कि चालक दल के सदस्यों को छोड़ दिया गया है या वे भाग गये है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस ने होटल को घेर लिया है और होटल की तरफ जाने वाली सभी मार्गों को बंद कर दिया है।
अमेरिकी दूतावास ने ट्वीट किया है कि उन्हें रेडिसन होटल में चल रहे अभियान के बारे में जानकारी है और अमेरिकी नागरिकों को घरों के अन्दर ही रहने के लिए कहा गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को माली की राजधानी बमाको में हुए एक लग्जरी होटल पर हमले की जानकारी दे दी गई है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने आज बताया कि श्री ओबामा के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने उन्हें माली हमले के बारे में बताया हैं। श्री ओबामा इस समय मलेशिया की यात्रा पर है। अधिकारी ने यहां पत्रकारों को बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सुसान राइस ने श्री ओबामा को माली की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें