पटना,19 नवम्बर, महागठबंधन के नेता नीतीश कुमार के कल यहां ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में दो धुर विरोधी दलों के नेता पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी लंबे समय बाद एक मंच पर नजर आयेंगे। श्री कुमार के पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समारोह में सुश्री बनर्जी और श्री येचुरी के अलावा देश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां शामिल होंगी ।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डी राजा भी इसमें शिरकत करेंगे। जानकार सूत्रों के अनुसार सुश्री बनर्जी और श्री येचुरी पिछली बार गत वर्ष नवम्बर में जवाहर लाल नेहरु की 125 वीं जयंती के अवसर आयोजित कार्यक्रम में एक मंच पर आये थे। यद्यपि माकपा पश्चिम बंगाल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का प्रयास करेगी लेकिन राजनीतिक हलकों में दोनों धुर विरोधी नेताओं को एक मंच पर लाना श्री कुमार के भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों में सत्ता से बेदखल करने के लिए एक मजबूत विकल्प तैयार करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
सुश्री बनर्जी और श्री येचुरी के अलावा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ,दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया,असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री नबम तुकी ने समारोह में शामिल होने की सहमति दे दी है । राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पटना आ रहे हैं । समारोह में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी, श्री हेमंत सोरेन, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह बाघेला ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की पुष्टि की है। द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम के नेता एम के स्टालिन, राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष अजित सिंह और राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, इंडियन नेशनल लोक दल के नेता अभय चौटाला, भरिपा बहुजन महासंघ के अध्यक्ष प्रकाश अम्बेडकर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं जाने-माने वकील राम जेठमलानी,सांसद राजबब्बर और वरिष्ठ पत्रकार एच के दुआ भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे । शिवसेना ने भी श्री कुमार का आमंत्रण स्वीकार कर लिया है और पार्टी नेता एवं महाराष्ट्र सरकार में मंत्री राम
दास कदम और सुभाष देसाई समारोह में शामिल होने आ रहे हैं ।
गौरतलब है कि श्री कुमार और राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने कटु संबंधों को दरकिनार कर कुछ महीने पहले कांग्रेस के साथ मिलकर महागठबंधन बनाया था और हाल ही में सम्पन्न बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी को करारी शिकस्त दी । महागठबंधन ने 243 सदस्यीय विधानसभा में 178 सीटें जीतने में कामयाबी हासिल की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें