पटना 14 नवम्बर, बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने आज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) , जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और कांग्रेस महागठबंधन विधानमंडल दल के नवनिर्वाचित नेता श्री नीतीश कुमार को सरकार बनाने का न्यौता दिया । राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर लौटने के बाद श्री कुमार ने राजभवन के बाहर इंतजार कर रहे संवाददाताओं को बताया कि राज्यपाल श्री कोविंद ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है । वह 20 नवम्बर को गांधी मैदान में अपराह्न दो बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे । श्री कुमार ने बताया कि उनके मंत्रिमंडल में तीनों दल के लोग शामिल होंगे और उन्हें भी उसी दिन शपथ दिलायी जायेगी । उन्होंने मंत्रिमंडल के आकार के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या निर्धारित है । मंत्रिमंडल का आकार तय सीमा तक होगा या उससे छोटा होगा इस बारे में जानकारी शपथ ग्रहण के दिन ही मिल सकेगी ।
महागठबंधन विधानमंडल दल के नेता ने कहा कि जिस एकजुटता के साथ तीनों दलों ने चुनाव लड़ा उसी एकजुटता, परस्पर विश्वास और सहयोग के साथ वे आगे सरकार भी चलायेंगे । उन्होंने कहा कि हर हाल में कानून का राज कायम रहेगा और न्याय के साथ विकास के उनके पूर्व के एजेंडे में महागठबंधन के साझा कार्यक्रमों तथा उनके सात निश्चयों को शामिल कर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश की जायेगी । श्री कुमार ने कहा कि चुनाव में महागठबंधन के विकास के नजरिये पर जनता ने सहमति जताते हुए लगभग तीन चौथाई सीटों पर जीत दिलायी है । महागठबंधन को निर्णायक और ठोस बहुमत मिला है । उन्होंने विश्वास दिलाया है कि उनकी सरकार विकास के रास्ते पर चलते हुए समाज में सद्भाव को कायम रखेगी और हर तबके के लिए बिना किसी भेदभाव के काम करेगी । महागठबंधन के नेता ने कहा कि चुनाव के समय कही गयी बातों के कारण वह विपक्ष का मजाक नहीं उड़ायेंगे और इसमें उनकी कभी दिलचस्पी भी नहीं रही है । उन्होंने कहा कि राज्य की ज्वलंत समस्याओं पर विपक्ष की राय और सहमति के आधार पर काम करेंगे ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें