नयी दिल्ली , 13 नवम्बर, बिहार विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे से नाराज चल रहे भारतीय जनता पार्टी सांसद आर के सिंह ने मार्गदर्शक मंडल के सदस्य और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी के पार्टी की करारी हार की जिम्मेदारी तय करने संबंधी बयान का समर्थन किया है । श्री सिंह ने एक टीवी चैनल के साथ साक्षात्कार में कहा कि मार्गदर्शक मंडल का काम पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को सलाह देना है और उन्हें जो काम सौंपा गया था, वह उन्होंने किया । उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा की पराजय की जिम्मेदारी निर्धारित की जानी चाहिये तथा चुनाव परिणाम की समीक्षा की जानी चाहिये ताकि पता चले कि गलती कहां हुई ।
पूर्व गृह सचिव रहे श्री सिंह ने कहा कि एक सर्वेक्षण के अनुसार भाजपा के 157 उम्मीदवारों में से 95 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे । इनमे से 60 प्रतिशत पर हत्या , बलात्कार , अपहरण और जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोप थे । उन्होंने कहा कि हम साफ सुथरी सरकार देने की बात करते हैं और टिकट अपराधियों को देते हैं । ऐसे प्रयासों से बिहार में पार्टी की छवि को झटका लगा है । उन्होंने अपराधी पृष्ठिभूमि के लोगों को टिकट दिये जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि विशेश्वर झा नामक एक व्यक्ति भाजपा का टिकट पाने में सफल रहा, जिसके खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं। इनमें से 10 मामले हत्या के प्रयास के हैं । उन्होंने कहा कि अपने स्तर पर उन्होंने मामले को उठाया था लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें