नयी दिल्ली 21 नवम्बर, पंजाब के उप मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर राजनीतिक फायदे के लिए आतंकवादियों के साथ सांठगांठ कर राज्य में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया है। श्री बादल ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस नेताओं ने गत 10 नवम्बर को अमृतसर में एक रैली में अलगाववादी तथा आतंकवादी तत्वों के साथ मंच साझा किया । इस रैली में खालिस्तान बनाने के संबंध में प्रस्ताव भी पारित किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब के कांग्रेस नेताओं ने इस रैली के आयोजन में इन तत्वों की भरपूर मदद की और इसके लिए उन्हें श्री गांधी का पूरा समर्थन हासिल था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने जिन लोगों के साथ रैली में हिस्सा लिया] उनके पाकिस्तान तथा उसकी खुफिया एजेन्सी आईएसआई के साथ संबंध हैं। कांग्रेस को राष्ट्र विरोधी पार्टी करार देते हुए उन्होंने मांग की कि निर्वाचन आयोग को कांग्रेस की मान्यता रद्द कर देनी चाहिए और गृह मंत्रालय को इस पार्टी की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी इन मांगों को लेकर वह अभी राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से मिलने जा रहे हैं और इसके बाद गृह मंत्री से भी मिलेंगे। श्री बादल ने आरोप लगाया कि श्री गांधी और कांग्रेस इन आतंकवादी तत्वों के साथ मिलकर राज्य में एक बार फिर आतंक का माहौल पैदा करना चाहती है।
श्री बादल ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं का इतिहास ‘बांटो और राज करो’ का रहा है, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पवित्र स्वर्ण मंदिर में टैंकों से हमला कराया तो उनके पुत्र और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1984 में निर्दोष सिखों का कत्लेआम कराया। अब श्री राहुल गांधी अलगाववादी तथा आतंकवादी तत्वों के साथ मिलकर राज्य में अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर)के नेता सिमरनजीत सिंह मान ने भी इस रैली के बाद कहा था कि कांग्रेस को पहले से पता था कि इस रैली का एजेंडा अलग खालिस्तान बनाने की मांग करना है। इसके बावजूद कांग्रेस ने इसका पूरा समर्थन किया। श्री बादल ने कहा कि इस रैली में कांग्रेस के विधायकों और प्रदेश इकाई के नेताओं ने खुलकर अपनी बात रखी। मंच पर खालिस्तान के झंडे लगे थे और ए के - 47 रायफलों के फोटो भी लगे थे। कांग्रेस के नेताओं ने ही मंच से बोलने वाले अलगाववादी नेताओं को बताया कि उन्हें भाषण में क्या कहना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्र विरोधी पार्टी बन गयी है । इसकी गतिविधियों से केेवल पंजाब में ही अस्थिरता पैदा नहीं होगी बल्कि पूरे देश में एकता टूट जायेगी। कांग्रेस एक बार फिर पंजाब को आतंकवाद के अंधेरे में धकेलना चाहती है।
श्री बादल ने कहा कि आलोचना के बाद कांग्रेस अपने को इस रैली से अलग करने की कोशिश कर रही है । यदि कांग्रेस का वास्तव में इस रैली से लेना देना नहीं था तो उसे इसमें हिस्सा लेने वाले अपने नेताओं को पार्टी से निकाल देना चाहिए। सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने इस सारे घटनक्रम को काफी गंभीरता से लिया है और इसकी जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने कभी किसी आतंकवादी की रिहाई की मांग नहीं की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें