राहुल गांधी पंजाब में मृतक किसान के परिवार से मिले - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 6 नवंबर 2015

राहुल गांधी पंजाब में मृतक किसान के परिवार से मिले

rahul-meets-sucide-farmer-faimily-in-punjab
बठिंडा, 06 नवंबर, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सुबह तलवंडी साबो के तख्त दमदमा साहिब जाकर माथा टेका और पंजाब में अमन चैन, भाईचारे और समृद्धि के लिये अरदास की तथा श्रद्धाभाव से गुरबाणी का पाठ सुना। श्री गांधी ने लंगर छकने के बाद पूरी पंजाब कांग्रेस के साथ भगवानगढ़ गांव की आेर कूच किया, जहां कपास की पूरी फसल बर्बाद होने से जगदेव नाम के एक किसान ने आत्महत्या कर ली थी। वह मृतक किसान के परिवार से मिले तथा उनकी आर्थिक मदद भी की। श्री गांधी इसके बाद मल्लवाला गांव के किसानों से मिले और उनकी समस्याएं सुनी। साथ ही कृषि क्षेत्र में उनके सामने आने वाली परेशानियों को सुना तथा उनका हल भी जाना। उसके बाद वह मानवाला गांव पहुंचे जहां सफेद मक्खी कीट ने सारे गांव की कपास की फसल बर्बाद कर दी। पहले उन्होंने एक किसान के यहां भोजन किया और उसके बाद किसानों को संबोधित किया।

श्री गांधी ने किसानों को संबोधित करते हुये कहा कि पंजाब में मौजूदा हालात खराब है और पंजाबी ही अब पंजाब में नहीं रहना चाहते। उन्होंने कहा कि इस बात का उन्हें तब पता चला जब वह बरगाडी गोलीकांड में मारे गये नौजवानों के परिजनों को मिलेे। उनमें से केन्या में नौकरी करने वाले गुरजीत सिंह के पिता ने कहा कि वह अब पंजाब लौटना नहीं चाहते। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा गयी है तथा बादल परिवार को जनता की भलाई की चिंता नहीं बल्कि उन्हें राज्य के हर कारोबार पर कब्जा करने की चिंता है। लोग अब अकाली भाजपा सरकार से उब चुके हैं और चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। हर मोर्चे पर सरकार विफल रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में मालवा क्षेत्र में नरमा कपास की फसल बर्बादी के लिये सरकार जिम्मेदार है क्योंकि जब किसान को नकली बीज, नकली कीटनाशक और नकली खाद मिलेगी तो ऐसा ही होगा। यदि किसानों को समय पर असली दवाइयां मिल जाती और छिड़काव किया होता तो इतनी बर्बादी न होती और न किसान आत्महत्या करते। कृषि विभाग में नकली कीटनाशक का इतना बड़ा घोटाला हुआ और किसानों को मुआवजा तक नहीं मिल सका है। उन्होंने बताया कि पंजाब ही अकेला ऐसा राज्य है जहां आत्महत्या करने वाले किसान परिवारों को मुआवजा नहीं दिया गया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार ने किसानों की भलायी के लिये काम किया और 70 हजार करोड़ का कर्ज तक माफ कर दिया लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उद्योगपतियों तथा कारपोरेट जगत की मदद ही कर रहे है।

श्री गांधी ने कहा, “मैं अब पंजाब की पूरी कांग्रेस फौज को एकजुट करके जा रहा हूं। यह फौज मिलकर आपकी लड़ाई लड़ेगी। वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सभी नेता अकाली भाजपा गठबंधन को कड़ी टक्कर देकर कांग्रेस को सत्ता में लायेंगे और अगली सरकार कांग्रेस की ही होगी जो सभी धर्म, जात-पात वालों और हर वर्ग की होगी।” कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा नीत केन्द्र सरकार ने भूमि अधिग्रहण विधेयक कांग्रेस के दवाब में आकर वापस लिया। कांग्रेस ने हमेशा किसानों का साथ दिया है और आगे भी किसानों के कल्याण के लिये काम करती रहेगी। उन्होंने गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी की लगातार जारी घटनाओं पर चिंता जताते हुये कहा कि राज्य सरकार बेअदबी के मामले से सही ढ़ंग से निपटने में विफल रही है। अकाली भाजपा गठबंधन सरकार को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिये। दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिये ताकि कोई भी ऐसी हिमाकत करने की कोशिश न करें। 

सभी पंजाबियों का धर्म है कि वो राज्य में प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद अमन चैन तथा भाईचारा कायम रखे। उनके साथ कांग्रेस के सभी नेता अंबिका सोनी, शकील अहमद, कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, राजिंदर कौर भट्ठल, सुनील जाखड़, परनीत कौर, सभी सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में अन्य नेता तथा कार्यकर्ता मौजूद थे। इसके बाद श्री गांधी बठिंडा हवाई अड्डे के लिये रवाना हो गये जहां से वह दिल्ली जायेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: