नयी दिल्ली, 11 नवम्बर, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में हुई हार को पूरी पार्टी की हार करार देते हुए भविष्य में विवादित बयान देने वाले किसी भी नेता को नहीं बख्शने की पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को आज सलाह दी। श्री गडकरी ने यहां कहा कि बिहार में हुई हार किसी एक नेता की नहीं, बल्कि पार्टी की हार है। हार के लिए सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री शाह को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
इससे पहले पार्टी के दो और पूर्व अध्यक्ष एम. वेंकैया नायडू और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक बयान जारी करके कहा था कि हार की साझा जिम्मेदारी लेने की परंपरा सर्वश्री अटल बिहारी वाजपेयी और लाककृष्ण आडवाणी के समय से है।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद कल पार्टी की अंदरूनी कलह उस वक्त खुलकर सामने आ गई, जब वरिष्ठ नेताओं – सर्वश्री लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा और शांता कुमार ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व के खिलाफ असंतोष का बिगुल बजाते हुए कहा कि पिछले एक साल में पार्टी कमजोर हुई है और उसे कुछ मुट्ठी भर लोगों के अनुसार चलने पर मजबूर किया जा रहा है।
पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के आवास पर कल राज जारी किये गए बयान से पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व विचारक और पूर्व भाजपा नेता गोविंदाचार्य ने श्री जोशी के साथ बंद कमरे में गुफ्तगू की थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें