पटना,07 नवम्बर, बिहार कांग्रेस ने पेट्रोल एवं डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाने,ट्रेन के आरक्षित टिकट को रद्द कराने के शुल्क को दुगुना करने और सेवा कर पर 0.5 प्रतिशत उपकर लगाने की मोदी सरकार की घोषणा की आज कड़ी निन्दा करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव सम्पन्न होते ही सरकार के इन निर्णयों से महंगाई और बढ़ेगी । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी ने यहां कहा कि केन्द्र सरकार के इन निर्णयों से दाल,प्याज और खाद्य तेलों की आसमान छू रही कीमतों में और इजाफा होगा ।
महंगाई से जनता पहले से ही परेशान है,वह अब और त्रस्त होगी ।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान जनता से महंगाई कम करने,भ्रष्टाचार समाप्त करने,कालाधन वापस लाने और प्रत्येक वर्ष दो करोड़ बेरोजगारों के लिए रोजगार सृजन करने का वादा किया था लेकिन 17 महीने बीत जाने के बाद एक भी वादे को उन्होंने पूरा नहीं किया है ।इसके उलट मोदी सरकार अब करों में बढ़ोत्तरी के जरिये जनता को और परेशान करने लगी है । श्री चौधरी ने कहा कि देश की जनता के लिए अब तक अच्छे दिन नहीं आये लेकिन उद्योगपतियों, कारपोरेट घरानों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के लिए जरुर अच्छे दिन आ गये ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें