फिक्सिंग के आरोपों को वकार ने किया खारिज - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 21 नवंबर 2015

फिक्सिंग के आरोपों को वकार ने किया खारिज

waqar-reject-fixing-alligation
दुबई, 21 नवंबर, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोच वकार यूनुस ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में टीम को मिली छह विकेट की हार के बाद लगे मैच फिक्सिंग के आराेपों को सिरे से खारिज किया है। वकार ने कहा “मुझे इस मामले की जानकारी नहीं थी और यह खबर मुझे इधर उधर से लगी। मुझे पाकिस्तान की टीम और खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा है। खेल में कुछ भी गलत नहीं था। जीत और हार तो लगी ही रहती है लेकिन जिस तरह से सभी चीजें हो रही हैं वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं खिलाड़ियों को लेकर बिल्कुल संतुष्ट हूं।” ब्रिटेन के एक अखबार ने तीसरे मुकाबले में पाकिस्तान की हार के बाद टीम के खिलाड़ियों को फिक्सिंग के घेरे में शामिल करते हुये कहा था कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई मैच में पाक टीम के अनियमित बल्लेबाजी क्रम को लेकर जांच कर रही है। 

अखबार ने आरोप लगाते हुये कहा कि जांचकर्ताओं को मैच से पहले सूचना मिली थी कि पाकिस्तान की टीम इस मुकाबले में खराब प्रदर्शन करेगी। तीन रन आउट, बल्लेबाजों का खराब तरीके से आउट होना और घटिया क्षेत्ररक्षण संदेह के दायरे में हैं। पाकिस्तान की टीम बिल्कुल सपाट पिच पर खेलते हुये 208 रनों पर ही आल आउट हो गई थी। कप्तान अजहर अली, शोएब मलिक और मोहम्मद रिजवान रन आउट हो गये थे। इसके बाद एक समय चार विकेट 94 रनों पर गंवाकर संघर्षरत इंग्लैंड की टीम ने मैच को छह विकेट से अपने नाम करते हुये सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली थी। 

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भी शारजाह में हुये तीसरे मुकाबले में फिक्सिंग का संदेह जताते हुये ट्वीट किया था जिसे बाद में हटा दिया था। उन्होंने लिखा “तीन रन आउट और कुछ बेहद अनिश्चित से शॉट। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा। उन्हें लगता है कि हम बेवकूफ हैं।” पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के शहरयार खान ने वान के इस ट्वीट की आलोचना करते हुये कहा “मुझे इस बात से नफरत है कि हम क्रिकेट को इतनी संदिग्धता से देखते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिये, मेरे हिसाब से वॉन ने बहुत खराब बयान दिया है और इसपर कार्रवाई जरुरी है, हम इस मसले को आईसीसी के समक्ष उठायेंगे।”

फिक्सिंग को लेकर पाकिस्तान का इतिहास बेहद खराब रहा है। वर्ष 2000 में पूर्व कप्तान सलीम मलिक पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। आस्ट्रेलिया के शेन वार्न, मार्क वॉ और टिम मे ने 1995 के एक दौरे में उनपर रिश्वत की पेशकश करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद पाकिस्तान सरकार ने न्यायिक जांच शुरु की थी। जांच के बाद वकार यूनुस, वसीम अकरम और मुश्ताक अहमद पर भी जुर्माना लगा था। इसके बाद वर्ष 2010 में फिक्सिंग का जिन्न एक बार फिर से सामने आया जब इंग्लैंड के दौरे में कप्तान सलमान बट, मोहम्मद आसिफ और मोहम्म्द आमिर को स्पाॅट फिक्सिंग का दोषी पाया गया। तीनों को पांच वर्ष के प्रतिबंध के साथ ही जेल की हवा भी खानी पड़ी। लेग स्पिनर दानिश कनेरिया भी स्पॉट फिक्सिंग के मामले में आजीवन प्रतिबंध की सजा झेल रहे हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं: