नयी दिल्ली,12 नवंबर, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्राड के एक ही ओवर में लगातार छह छक्के लगाकर ‘सिक्सर किंग’ बने टीम इंडिया के मध्यक्रम के दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह आखिरकार इंग्लैंड मूल की अभिनेत्री एवं माडल हेजल कीच को दिल दे बैठे और दीपावली के खास मौके पर जगमगाती रोशनियों के बीच उन्होंने हेजल को अंगूठी पहना दी। सोशल मीडिया पर युवराज और हेजल की सगाई की फोटो हैं जिनमें एक सादे कार्यक्रम के दौरान युवी हेजेल को अंगूठी पहनाते हुये दिख रहे हैं। सगाई में परिवार के सदस्यों के अलावा कुछ खास लोग ही पहुंचे थे।
गौरतलब है कि इस विस्फोटक बल्लेबाज की शादी की खबरें उनके टीम साथी हरभजन सिंह के विवाह कार्यक्रम के दौरान ही उठने लगी थीं। हालांकि ट्विटर में युवराज ने अभी शादी की संभावनाओं से इंकार करते हुये कहा कि वह अगले वर्ष ही परिणय सूत्र में बंधेगे। रिपोर्टों के अनुसार भी युवराज की योजना अगले वर्ष विवाह करने की है और वह पारंपरिक तरीके से चंडीगढ के निकट फतेहगढ साहिब जिले में हंसलीवाला गुरुद्वारा में विवाह बंधन में बंधेंगे। संभावना यह भी जताई जा रही है कि युवराज फरवरी में विवाह कर सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें