पटना 23 दिसम्बर, बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज कहा कि दरभंगा से पार्टी के सांसद कीर्ति आजाद ने दल विरोधी बयान देकर अनुशासनहीनता की है इसलिए उन्हें निलंबित किया जाना जरूरी था । भाजपा के प्रदेश महामंत्री और विधान परिषद सदस्य डा.सूरज नंदन कुशवाहा ने श्री आजाद के पार्टी से निलंबित किये जाने के बाद आज यहां कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली को दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में भ्रष्टाचार को लेकर कटघरे में खड़े करने वाले पार्टी के नेता को हरहाल में निलंबित किया जाना ही चाहिए था । श्री आजाद के बयान पार्टी विरोधी रहे हैं ।
श्री कुशवाहा ने कहा कि श्री आजाद का बयान दल के हित में नहीं था इसलिए पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व को यह कदम उठाना पड़ा है । पार्टी सांसद का मामला होने के कारण केन्द्रीय नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा । उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर रहते हुए जो कोई भी अनुशासन तोड़ेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें