पटना 23 दिसम्बर, अक्सर ही अपने बयानों और ट्वीट के जरिए पार्टी के लिए मुश्किलें खड़ी करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने आज एक बार फिर पर ट्वीट बम फोड़ते हुए अप्रत्यक्ष रूप से केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से इस्तीफा मांग लिया। श्री सिन्हा ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा,“वित्त मंत्री होते हुए श्री जेटली को इस मुद्दे से राजनीतिक रूप से लड़ना जाना चाहिए, कानूनी रूप से नहीं। जैसा कि हमारे प्रधानमंत्री जी ने भी कहा कि हमारे वित्त मंत्री को आडवाणी जी का अनुसरण करके खुद को बेदाग साबित करना चाहिए। उन्होंने दूसरे ट्वीट में भाजपा सांसद कीर्ति आजाद को हीरो बताया है। उन्होंने लिखा,“ कीर्ति आजाद आज के हीरो हैं। अपने मित्रों से अनुरोध करता हूं कि उनका साथ दीजिए, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं।”
श्री सिन्हा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि बहुत दुख होता है यह कहते हुए कि जिस पार्टी की अपनी अलग पहचान थी, आज वह मतभेदों की पार्टी बन गई है। डीडीसीए विवाद में श्री जेटली पर लगातार हमला कर रहे पार्टी सांसद कीर्ति आजाद को भाजपा ने अाज शाम निलंबित कर दिया । भाजपा ने कहा कि श्री आजाद के खिलाफ यह कार्रवाई पार्टी लाइन से अलग जाकर श्री जेटली पर हमला करने के लिए की गई है। पार्टी ने श्री आजाद को एक कारण बताओ नोटिस जारी करके उनसे उनके 'पार्टी विरोधी व्यवहार' की वजह बताने को कहा है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को डीडीसीए के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा संसदीय दल की बैठक में कहा था कि श्री जेटली उसी तरह बेदाग निकलकर आएंगे, जैसे श्री लाल कृष्ण आडवाणी हवाला मामले में निर्दोष साबित हुए थे। हवाला कांड में नाम सामने आने के बाद श्री आडवाणी ने सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था और कहा था कि जब तक वह निर्दोष साबित नहीं हो जायेंगे, संसद में नहीं आयेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें