कीर्ति आजाद, खन्ना, बेदी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 24 दिसंबर 2015

कीर्ति आजाद, खन्ना, बेदी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा

case-against-kirti-azad-bedi-khanna
नयी दिल्ली 24 दिसम्बर, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली पर अंगुली उठाने का खामियाजा पार्टी से निलंबन के तौर पर भुगत चुके भारतीय जनता पार्टी सांसद कीर्ति आजाद के खिलाफ आज पटियाला हाउस अदालत में आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज किया गया। दिल्ली के अंडर 16 और अंडर 19 के खिलाड़ी हिम्मत सिंह के पिता तेजवीर सिंह ने गत रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान अपने बेटे के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किये जाने को लेकर आजाद के अलावा पूर्व क्रिकेटर सुरेन्द्र खन्ना एवं बिशन सिंह बेदी को भी अदालत में घसीटा है। 

याचिकाकर्ता का आरोप है कि सुरेंद्र खन्ना ने संवाददाता सम्मेलन में कीर्ति आजाद और पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी की मौजूदगी में उनके बेटे हिम्मत सिंह पर दिल्ली की एकदिवसीय टीम में शामिल किये जाने के लिए 25 लाख रुपये की घूस देने का आरोप लगाया था जो सरासर निराधार और बेबुनियाद है। उन्होंने कहा है कि इस तरह के बयान का सीधा प्रसारण टेलीविजन चैनलों पर होने से उनके बेटे की छवि खराब हुई है और समाज में उसे हेय दृष्टि से देखा जाने लगा है। उन्होंने याचिका में अपने बेटे के बेहतरीन प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा है कि हिम्मत सिंह का खेल रिकॉर्ड उसकी प्रतिभा को बयां करता है और चयन के लिए घूस देने का आरोप अनुचित है। याचिकाकर्ता ने इस मामले में उपयुक्त कार्रवाई करने का अनुरोध निचली अदालत से किया है। 

कोई टिप्पणी नहीं: