वाहनों के सम-विषम योजना की औपचारिक घोषणा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 24 दिसंबर 2015

वाहनों के सम-विषम योजना की औपचारिक घोषणा

राजधानी में खतरनाक स्तर से अधिक हो गये प्रदूषण को नियंत्रित करने की कवायद के तहत चौपहिया निजी वाहनों को वैकल्पिक दिनों में सम- विषम नम्बर के तहत चलाने की योजना की आज दिल्ली सरकार ने औपचारिक घोषणा की जिसके दायरे में महिला चालकों नहीं लाया गया है और इसका उल्लंघन करने वालों पर दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा । 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया और अपने मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों के साथ संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सम-विषम योजना के लिए उपराज्यपाल समेत सभी आवश्यक मंजूरियां ले ली गयी हैं । इसकी अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी जाएगी । यह योजना 01 जनवरी से 15 जनवरी तक परीक्षण के तौर पर लागू की जाएगी । मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 जनवरी के बाद इसे आगे जारी रखने की फिलहाल कोई योजना नही है । 

प्रदूषण स्तर को कम करने के लिए कुछ महीनों बाद इस पर फिर अमल किया जा सकता है । पहले चरण में दोपहिया वाहनों को इससे छूट दी गयी है आगे इस पर विचार किया जाएगा । उल्लंघन करने वालों पर दो हजार रुपये का जुर्माना किया जाएगा । योजना सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे तक रहेगी । इसके बाद कोई प्रतिबंध नही होगा । रविवार को किसी प्रकार की रोक नही रहेगी । योजना के तहत सम तिथियों 2,4,6,8,12 और 14 जनवरी को सम नम्बर के वाहन और 01,05,07,09,11, 13 तथा15 जनवरी को विषम नंबर की निजी चौपहिया वाहन चलाने की अनुमति होगी । सम और विषम नंबर का निर्धारण वाहन के पंजीकरण के अंतिम नम्बर से होगा । शून्य , 02,04,06 और 08 नम्बर के वाहन सम श्रेणी के माने जाएंगे जबकि 01,03,05,07 और 09 विषम वर्ग के वाहन होंगे । श्री केजरीवाल ने बताया कि यह योजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के वाहनों पर भी लागू होगी । हाईब्रिड इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहन इसके दायरे में नहीं आएंगे ।

 महिला चालक और उसके साथ 12 वर्ष तक के बच्चे तथा शारीरिक रुप से विकलांग द्वारा चलित वाहनों को भी इससे छूट होगी । योजना लागू करने पर लोगों को कम से कम दिक्कत हो इसके लिए चार से पांच हजार नई और अतिरिक्त बसें सड़कों पर उतारी जाएंगी । दस हजार नये आटो को परमिट दिए जा रहे हैं और मैट्रो रेल सेवा के फेरों में बढोत्तरी की जाएगी । मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मानते हैं कि इससे लोगों की असुविधा कम की जा सकती है लेकिन मेरी अपील है कि लोग कार पूलिंग पर विशेष जोर दें । 

कोई टिप्पणी नहीं: