नयी दिल्ली, 25 दिसंबर, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ(डीडीसीए) में कथित वित्तीय अनियमितताओं पर दिल्ली सरकार के जांच आयोग गठित करने के फैसले पर उपराज्यपाल नजीब जंग और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच एक बार फिर टकराव हो गया है। मीडिया में ऐसी खबरें आई थी कि श्री जंग ने जांच आयोग गठित करने को लेकर केन्द्र को चिट्ठी लिखी है जिसमें उसे गैरकानूनी बताते हुए सवाल उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आज दिल्ली सरकार का 2016 का कैलेंडर और डायरी करने के मौके पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उप राज्यपाल की चिट्ठी को लेकर उन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल परिवहन घोटाले में फंस रहे है और वह चिट्ठी लीक कर रहे हैं तो यह गंभीर मामला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र ने हमारे पीछे अपनी सभी एजेंसियां लगा दी और अब तो केन्द्रीय जांच ब्यूरो को भी हमारे पीछे छोड़ दिया है। हमको ड़र नहीं लग रहा तो उनको किस बात का ड़र है। एक बार जांच आयोग बैठ जाएं तो सब सामने आ जाएगा। यहां तो दाल में काला ही नहीं है पूरी की पूरी दाल काली है।
उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली पर भी अपना निशाना जारी रखा और कहा कि उन्हें जांच आयोग से सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री जेटली को उपराज्यपाल का दुरुपयोग बंद करके जांच आयोग के साथ सहयोग करना चाहिए। श्री जेटली के ब्लॉग लिखने पर मुख्यमंत्री ने उनके निकट सहयोगी माने जाने वाले विश्वास नगर से विधायक ओ पी शर्मा पर हमला करते हुए कहा कि श्री जेटली को श्री शर्मा पर भी ब्लॉग लिखना चाहिए। गौरतलब है कि श्री शर्मा लगातार आम आदमी पार्टी के विधायकों के निशाने पर रहे है और चांदनी चौक से आप पार्टी की विधायक अलका लांबा के साथ उनका कई बार विवाद हो चुका है। हाल में संपन्न विधानसभा सत्र में श्री शर्मा को पूरे सत्र के लिए निलंबित भी कर दिया गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें