मोदी आगे बढ़ाएँ भारत पाक संबंधों को : आडवाणी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 26 दिसंबर 2015

मोदी आगे बढ़ाएँ भारत पाक संबंधों को : आडवाणी

modi-and-other-leaders-take-forward-indo-pak-relations--advani
भुज (गुजरात), 26 दिसंबर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भारत एवं पाकिस्तान के बीच संबंध बेहतर बनाने की वकालत करते हुए आज कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पहल को आगे बढ़ाने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सरकार के अन्य नेताओं को योगदान देना चाहिये। श्री आडवाणी ने प्रधानमंत्री श्री मोदी की कल की लाहौर यात्रा के बारे में यहाँ मीडिया के सवालों के जवाब में कहा, “जो प्रयत्न वाजपेयी जी ने शुरू किया, वाजपेयी जी के उस प्रयत्न को आगे बढ़ाते हुए आज के भी जो हमारे शासन के नेता हैं, उनमें मोदी जी हैं और बाकी हैं, वे भी भारत पाक के संबंधों को दृढ़ता के साथ आगे बढ़ाने में योगदान दें।” 

श्री वाजपेयी की लाहौर बस यात्रा जैसी अनूठी पहल करते हुए श्री मोदी ने काबुल से स्वदेश लौटते हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ को जन्मदिन की बधाई देने के लिये ढाई घंटे के संक्षिप्त प्रवास पर लाहौर रुकने का फैसला करके दुनिया काे चौंका दिया। श्री शरीफ ने लाहौर के अल्लामा इकबाल हवाई अड्डे पर खुद आकर श्री मोदी की अगवानी की और उन्हें अपने साथ अपने पैतृक घर लेकर गये। बाद में वह भारतीय प्रधानमंत्री को हवाई अड्डे तक छोड़ने भी आये। श्री मोदी ने उनके साथ द्विपक्षीय बातचीत करने के साथ श्री शरीफ की माँ से भेंट की और उनके पाँव छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने श्री शरीफ की नवासी की शादी के पहले कल हुई मेंहदी की रस्म में शिरकत की और उसे तोहफे में साड़ी दी और सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। श्री मोदी की इस पहल को न सिर्फ भारत एवं पाकिस्तान बल्कि दुनियाभर में बड़े अचरज से देखा गया। दोनों देशों में इस घटना की आलोचना एवं तारीफ दोनों हुई हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: