मॉस्को, 24 दिसम्बर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच 16वीं वार्षिक शिखर बैठक आज शुरू हो गई जिसमे दोनों देशों के बीच रक्षा, परमाणु ऊर्जा और कृषि कारोबार के क्षेत्र में कई समझौते होने की संभावना है। दोनों नेताओं के बीच बातचीत में व्यापार और आर्थिक सहयोग पर भी मुख्य तौर पर चर्चा होगी। भारत और रूस के बीच नयी दिल्ली में हुए पिछले शिखर बैठक के बाद से अब तक 15 बैंठकें आयोजित हो चुकी है। रूस की दाे दिवसीय यात्रा पर पहुंचे श्री मोदी ने इससे पहले राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन केंद्र ‘एमरकॉम’ का अवलोकन किया। उन्हें केंद्र की कार्य प्रणाली और निगरानी संचालन प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
प्रधानमंत्री को विभिन्न आपदा राहत एजेंसियों और केंद्र के बीच सहयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गयी। श्री मोदी ने केंद्र की आपदा बचाव एवं प्रतिक्रिया गतिविधियों तथा इसकी वैश्विक पहुंच में विशेष रुचि दिखायी। उन्होंने केंद्र के कार्य काे ‘मानवता की महान सेवा’ करार दिया। श्री मोदी इसके बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव एस जयशंकर, रक्षा सचिव जी मोहन कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल यहां आया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें