नीतीश इन दिनों सारी कवायद प्रधानमंत्री बनने के लिए कर रहे हैं : मांझी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 23 दिसंबर 2015

नीतीश इन दिनों सारी कवायद प्रधानमंत्री बनने के लिए कर रहे हैं : मांझी

nitish-wants-to-be-cm-jitan-manjhi
पटना 23 दिसम्बर, बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने आज कहा कि मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार विधानसभा के चुनाव में मिली जीत से उत्साहित होकर एक बार फिर प्रधानमंत्री बनने की कवायद में लग गये हैं जो पूरी होने वाली नहीं है । हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने यहां अपने सरकारी आवास पर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जदयू नेता श्री कुमार इन दिनों जितनी भी कवायद कर रहे हैं वह सब प्रधानमंत्री बनने के लिए है। श्री कुमार का यह सपना कभी पूरा होने वाला नहीं है । उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री बनने की बात आयी तो जदयू के नेतृत्व वाले महागठबंधन के घटक दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव इस रेस में सबसे आगे होंगे । श्री मांझी ने कहा कि असहिष्णुता को धर्म से जोड़कर देखना उचित नहीं होगा । भारत विविधताओं का देश है । उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि दलितों के खिलाफ होने वाले भेदभाव और अत्याचार पर असहिष्णुता की बात क्यों नहीं उठायी जाती । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार का दलितों के प्रति असहिष्णुता रवैया जग जाहिर है । 

हम के अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय कुछ ऐसे बयान आये जिसकी गलत ढ़ंग से व्याख्या की गयी । इसी का परिणाम रहा कि विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यकों के वोट राजग गठबंधन को कम मिले । उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक आज भी हम के साथ हैं। चुनाव के समय प्रदेश के लोगों को आरक्षण के नाम पर भ्रमित करके विरोधी दलों ने फायदा उठाया । श्री मांझी ने कहा कि दलित आंदोलन से जुड़े नेता और दलित बुद्धिजीवियों ने भी उनसे मिलकर कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करना गलत हुआ है ,लेकिन ये उनकी व्यक्तिगत राय हैं न कि पार्टी की । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार जब भाजपा के साथ थे उस समय उन्हें अल्पसंख्यक के अलावा अन्य लोगों का भी समर्थन मिला था । दल के अंदर जो सार्वजनिक राय बनेगी वही मान्य होगी न कि किसी व्यक्ति विशेष के कहने पर कोई फैसला लिया जायेगा । 

हम के अध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बहरी हो गयी और किसानों के साथ ही बढ़ते अपराधों के प्रति उसे तनिक भी चिंता नहीं है । किसानों की समस्याओं को लेकर दस फरवरी से पहले विभिन्न प्रमंडलों में किसानों को जागरूक किया जायेगा और उन्हें बताया जायेगा की पार्टी उनके साथ पूरी तरह से खड़ी है । इसके बाद बड़ी संख्या में हम के कार्यकर्ता राजधानी पटना में पैदल मार्च कर राजभवन जायेंगे और राज्यपाल को ज्ञापन देंगे । 

कोई टिप्पणी नहीं: