पटना 22 दिसम्बर, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने दिल्ली जिला क्रिकेट एसोसिएशन घोटाले को लेकर केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली पर लगातार हमला कर रहे सांसद कीर्ति झा आजाद पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है । श्री मोदी ने आज माइक्रो ब्लॉगिंग साईट ट्वीटर पर ट्वीट कर कहा कि बिहार भाजपा मजबूती के साथ श्री अरूण जेटली के साथ खड़ी है । पार्टी को असंतुष्ट नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में संकोच नहीं करना चाहिए । उन्होंने फिर ट्वीट कर कहा कि भाजपा को श्री कीर्ति आजाद और अन्य पार्टी सांसदों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए जो विपक्ष के हाथों में खेल रहे हैं और पार्टी को शर्मिंदा कर रहे हैं । भाजपा नेता श्री मोदी के दूसरे ट्वीट में दरभंगा के सांसद श्री आजाद के साथ ही पटनासाहिब के सांसद शत्रुघ्न सिंहा और आरा के सांसद राजकुमार सिंह भी निशाने पर हैं । श्री सिंहा और श्री सिंह ने विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से हटकर बयान दिये थे जिसके कारण भाजपा को कई बार असहज स्थित का सामना करना पड़ा था ।
विधानसभा चुनाव के बाद अब बिहार से ही श्री आजाद ऐसे तीसरे सांसद हैं जिन्होंने पार्टी के लिए मुश्किलें काफी बढ़ा दी है । भाजपा के लिए श्री आजाद ने सांप -छछूंदर वाली स्थिति पैदा कर दी है । पार्टी के लिए न निगलते बन रहा है न उगलते । श्री आजाद लगातार डीडीसीए में हुए घोटाले को लेकर केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली पर परोक्ष रूप से हमला कर रहे हैं जिससे कांग्रेस और आम आदमी पार्टीको भाजपा को घेरने के लिए ताकत मिल रही है। श्री आजाद ने इस संबंध में आज यहां कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रशंसक है ।उन्होंने कहा है कि न वह खुद खायेंगे और न किसी को खाने देंगे । प्रधानमंत्री भी भ्रष्टाचार के खिलाफ है और वह भी पिछले नौ वर्षों से डीडीसीए में भ्रष्टाचार को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं । उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति से नहीं है बल्कि भ्रष्टाचार से है ।
भाजपा सांसद ने कहा कि श्री सुशील कुमार मोदी इस मामले को दूसरी तरफ से देख रहे हैं और शायद उन्हें डीडीसीए में घोर अनियमितताओं की जानकारी नहीं होगी इसलिए उन्होंने उनके खिलाफ ट्वीट किया है । श्री मोदी को ट्वीट करने से पहले उनसे बात करनी चाहिए थी । उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के विरोध में और न ही श्री जेटली के खिलाफ कोई बयान दिया है । उन्होंने सिर्फ यही कहा है कि डीडीसीए में जब अनियमितता हुई थी उस समय श्री जेटली अध्यक्ष थे ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें