मुम्बई 25 दिसंबर, अपनी जीवंत अदाकारी के लिए जानी जाने वाली बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री साधना का आज मुंबई के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 74 साल की थीं। सूत्रों के अनुसार आज हिंदुजा अस्पताल में उनका निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार थीं। पिछले साल ही उनकी सर्जरी हुई थी। ऐसा कहा जा रहा है कि वह मुंह के कैंसर से पीड़ित थीं। कल उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बालों काे संवारने का उनका ‘साधना कट’ स्टाइल एक जमाने में बहुत लोकप्रिय रहा था।
उन्होंने हम दोनों, एक मुसाफिर एक हसीना, असली-नकली, आरजू, वक्त , लव की शिमला, एक फूल दो माली, मेरे महबूब और इंतकाम जैसी सुपरहिट फिल्मों में अभिनय किया था। वह राज कपूर की फिल्म ‘श्री 420’ के गीत‘मुड़-मुड़ के ना देख’ में कोरस गर्ल के रूप में भी नजर आयी थीं। कई साल तक कैमरे की चकाचौंध से दूर रहने के बाद साधना ने पिछले साल मई में कैंसर और एड्स पीड़ितों के लिए धन जुटाने के लिए बॉलीवुड अभिनेता रणवीर कपूर के साथ रैंप वॉक किया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें