सोनिया-राहुल से मिले व्यापम खुलासा से जुड़े आरटीआई कार्यकर्ता - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 24 दिसंबर 2015

सोनिया-राहुल से मिले व्यापम खुलासा से जुड़े आरटीआई कार्यकर्ता

vyapam-rti-activist-meet-rahul-sonia
नयी दिल्ली, 24 दिसम्बर, मध्य प्रदेश में चर्चित व्यापम घोटाले का खुलासा करने वाले सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर अलग-अलग मुलाकात की और व्यापम के साथ ही प्रस्तावित ह्विसल ब्लोवर संशोधन विधेयक के बारे में उनसे चर्चा की। आरटीआई कार्यकर्ता अजय दुबे ने आज यूनीवार्ता को बताया कि दोनों नेताओं से उनके आवास पर मुलाकात की गयी। श्रीमती गांधी से उनके 10 जनपथ स्थित आवास पर श्री दुबे के अलावा आरटीआई कार्यकर्ता तथा साइबर विशेषज्ञ प्रशांत पांडे, इंदौर में चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आनंद राय तथा आशीष चतुर्वेंदी ने भेंट की। इस दौरान कांग्रेस महासचिव एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे। श्री दुबे ने बताया कि श्रीमती गांधी के साथ विशेषरूप से संसद में लम्बित ह्विसल ब्लोवर संशोधन विधेयक पर चर्चा हुई। कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें भराेसा दिलाया कि उनकी पार्टी विधेयक को कमजोर नहीं होने देगी। श्रीमती गांधी ने विधेयक को ज्यादा मजबूत बनाने के लिए उनसे सुझाव मांगे हैं और वे जल्द ही उन्हें सुझाव सौंप देंगे। 

श्री दुबे ने बताया कि अारटीअाई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से भी उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान श्री गांधी ने उनसे जानना चाहा कि व्यापम घोटाला कैसे हुआ और कितने लोगों को इससे फायदा हुआ होगा तथा इसमें इतनी अधिक संख्या में लोग कैसे मारे जा रहे हैं। उन्होंने श्री गांधी को बताया कि यह घोटाला बहुत बड़ा है और इसकी बुनियाद में अपराधियों के बड़ेभारी नेटवर्क की भूमिका है। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष को यह भी बताया कि सबूतों को मिटाने की वजह से गवाहों की हत्या की जा रही है। मामले की जांच सीबीआई कर रही है लेकिन अभी उसे पुख्ता सुबूत नहीं मिले हैं इसलिए अपराधी सबूत मिटाने के लिए लोगों की जान ले रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस महासचिव मोहन प्रकाश की मौजूदगी थे। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह इस मामले को प्रमुखता से उछाल रहे हैं और इस संबंध में वह कई बार भोपाल के साथ ही दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर चुके हैं। व्यापम के जरिए फर्जीरूप से भर्ती कराए जाने का आरोप है। मध्य प्रदेश में व्यावसायिक परीक्षा मंडल(व्यापम) के जरिए इंजीनियरिंग तथा मेडिकल काॅलेजों में प्रवेश दिया जाता है और कई सरकारी विभागों में व्यापम के माध्यम से ही भर्ती की जाती है। 

कोई टिप्पणी नहीं: